रतलाम में दर्दनाक हादसा: कूलर में पानी भरते समय करंट लगने से SP कार्यालय के पुलिसकर्मी अब्दुल पठान की मौत, महकमे में शोक की लहर

Tragic accident in Ratlam: SP office policeman Abdul Pathan dies after being electrocuted while filling a cooler, causing mourning in the department

रतलाम में दर्दनाक हादसा: कूलर में पानी भरते समय करंट लगने से SP कार्यालय के पुलिसकर्मी अब्दुल पठान की मौत, महकमे में शोक की लहर

डेली जर्नल हिंदी डेस्क 

रतलाम। शहर के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत ऑफिसर्स कॉलोनी के पीछे स्थित अरिहंत परिसर कॉलोनी में मंगलवार रात एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। घर में रखे लोहे के कूलर में पानी भरते समय अचानक करंट की चपेट में आने से पुलिस विभाग के एक जांबाज कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई। इस आकस्मिक घटना से जहां एक ओर मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं दूसरी ओर पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।

कूलर में उतरा मौत का करंट, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय में पदस्थ 46 वर्षीय अब्दुल पठान मंगलवार रात करीब 8 बजे अपने घर पर लोहे के कूलर में पानी भर रहे थे। इसी दौरान कूलर की बॉडी में उतरे तेज विद्युत प्रवाह (करंट) की चपेट में वह आ गए। करंट का झटका इतना भीषण था कि अब्दुल पठान मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही स्टेशन रोड थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया।

अति उत्कृष्ट सेवा पदक के लिए हुए थे नामित, पीछे छोड़ गए रोता-बिलखता परिवार

मूल रूप से धार जिले के नालछा ब्लॉक के निवासी अब्दुल पठान पुलिस विभाग के एक बेहद कर्मठ और होनहार कर्मचारी थे। उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें वर्ष 2024-25 में भारत सरकार द्वारा 'उत्कृष्ट सेवा पदक' से नवाजा गया था, वहीं वर्ष 2026 के 'अति उत्कृष्ट सेवा पदक' के लिए भी उनका नाम नामांकित किया जा चुका था। वह अपने पीछे पत्नी, दो बेटियों और एक बेटे सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। इस अचानक हुए हादसे से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एसपी कार्यालय के आला अधिकारियों एवं साथी कर्मचारियों ने अब्दुल पठान के असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।

ADVERTISEMENT