मध्य प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक अध्यक्ष की दौड़ हुई तेज: तीन नामों का पैनल तैयार, रतलाम से काज़ी सुहेल का नाम भी शामिल
The race for Madhya Pradesh Congress minority president heats up: A panel of three names is ready, including Qazi Suhel from Ratlam
डेली जर्नल हिंदी डेस्क
भोपाल/रतलाम। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग के नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर सियासत गरमा गई है। नए प्रदेश अध्यक्ष की रेस में तीन प्रमुख दावेदारों के नाम सामने आए हैं, जिनमें से किसी एक के नाम पर अंतिम मुहर लगना तय माना जा रहा है। इस शीर्ष पद की दौड़ में भोपाल से मध्य विधानसभा क्षेत्र के विधायक आतिफ अकील और वरिष्ठ नेता अब्दुल नासिर भाई के साथ-साथ रतलाम के युवा नेता काजी सुहेल का नाम भी शामिल है। शीर्ष नेतृत्व द्वारा जल्द ही इनमें से एक नाम की औपचारिक घोषणा की जा सकती है।
रतलाम के लिए ऐतिहासिक पल, पहली बार मिला शीर्ष रेस में स्थान
मध्य प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक अध्यक्ष पद की रेस में रतलाम के काज़ी सुहेल का नाम तीसरे नंबर पर होना जिले के लिए गौरव की बात माना जा रहा है। यदि काज़ी सुहेल के नाम पर सहमति बनती है, तो यह पहला मौका होगा जब रतलाम से कोई नेता प्रदेश अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष पद की कमान संभालेगा। रतलाम का नाम इस प्रदेश स्तरीय शीर्ष रेस में शामिल होने से स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
दिल्ली से भोपाल तक बैठकों का दौर जारी
अपनी दावेदारी और संगठनात्मक चर्चाओं को लेकर सुहेल काज़ी लगातार वरिष्ठ नेताओं से संपर्क में हैं। हाल ही में उन्होंने भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय (PCC) में संगठन मंत्री संजय कामले से मुलाकात की और इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से भेंटकर मार्गदर्शन प्राप्त किया था। इससे पहले उन्होंने नई दिल्ली में कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी से भी मुलाकात की थी, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। अब सभी की निगाहें दिल्ली और भोपाल के शीर्ष नेतृत्व के अंतिम फैसले पर टिकी हुई हैं।
ASVERTISEMENT
