माणकचौक पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ईंट भट्टे को निशाना बनाने वाले चोरों को 12 घंटे के भीतर दबोचा, ऑटो रिक्शा सहित पूरा माल जब्त

Manakchowk police take major action: Thieves targeting brick kiln nabbed within 12 hours, auto rickshaw and all goods seized

माणकचौक पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ईंट भट्टे को निशाना बनाने वाले चोरों को 12 घंटे के भीतर दबोचा, ऑटो रिक्शा सहित पूरा माल जब्त

डेली जर्नल हिंदी डेस्क 

रतलाम के माणकचौक थाना क्षेत्र के करमदी रोड पर स्थित एक ईंट भट्टे से चोरी की घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के महज 12 घंटे के भीतर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सफलता हासिल की है। फरियादी बंटी प्रजापति (40) की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था, जिसमें अज्ञात चोरों द्वारा घर का ताला तोड़कर कृषि व निर्माण कार्य से जुड़े उपकरण और सामग्री सहित कुल 90 हजार रुपये का सामान पार कर दिया गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन और उच्च अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी माणकचौक निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर मामले की पड़ताल शुरू की गई।

ऑटो रिक्शा सहित चोरी गया 90 हजार का सामान बरामद

पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र और त्वरित छानबीन के आधार पर संदिग्धों की घेराबंदी कर चोरी के इस मामले में शामिल तीन आरोपियों—विक्रमनाथ (29), रफीक (21) और राहुल (19) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त एक ऑटो रिक्शा के साथ ही चोरी की गई 3 लोहे की ट्रॉली, 2 गैंती, 10 फावड़े, 10 प्लास्टिक के टब, 2 लोहे की तगारी और रोटावेटर की 1 शाफ्ट सहित पूरा शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया गया है।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड, अन्य मामलों में पूछताछ जारी

पकड़े गए आरोपियों में से एक के खिलाफ पहले भी स्टेशन रोड थाने में आपराधिक मामला दर्ज है। माणकचौक पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है, जिससे क्षेत्र में हुई अन्य चोरी व नकबजनी की घटनाओं का खुलासा होने की भी संभावना जताई जा रही है। इस त्वरित कार्रवाई और 12 घंटे के भीतर शत-प्रतिशत माल बरामदगी में थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान, उप निरीक्षक लोकेंद्रसिंह डावर, आरक्षक जीवन विश्वकर्मा, अशरफ खान और संदीप शर्मा सहित माणकचौक थाने की विशेष टीम की सराहनीय भूमिका रही।

ADVERTISEMENT