SYSITS रतलाम में आयोजित पहले TCS वॉक-इन ड्राइव में 15 विद्यार्थियों का चयन, 150 से अधिक विद्यार्थियों का पंजीकरण और 15 का चयन

15 students selected in the first TCS walk-in drive held at SYSITS Ratlam, more than 150 students registered and 15 selected

SYSITS रतलाम में आयोजित पहले TCS वॉक-इन ड्राइव में 15 विद्यार्थियों का चयन, 150 से अधिक विद्यार्थियों का पंजीकरण और 15 का चयन

डेली जर्नल हिंदी डेस्क 

श्री योगीन्द्र सागर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (SYSITS), रतलाम में पहली बार टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के वॉक-इन रिक्रूटमेंट ड्राइव का सफल आयोजन किया गया। 23 अक्टूबर 2026 को आयोजित इस भर्ती अभियान में रतलाम, जावरा और इंदौर के विभिन्न महाविद्यालयों के 150 से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया। TCS की भर्ती टीम द्वारा 'BPS – Back Office Operations' पद के लिए आयोजित चयन प्रक्रिया के बाद कुल 15 विद्यार्थियों को नौकरी का अवसर मिला, जिनमें SYSITS रतलाम के 7 विद्यार्थी (जिया बैरागी, ईशा कटारिया, पीयूष राणा, नाज़नीन खान, सोनल तंवर, भोलेश्वर बैरागी व माहिर खान शेरानी) शामिल हैं। इसके अलावा शासकीय गर्ल्स कॉलेज रतलाम, शासकीय भगत सिंह कॉलेज जावरा, अरिहंत कॉलेज, शासकीय पी.जी. कॉलेज रतलाम और इंदौर के कॉलेजों के विद्यार्थियों ने भी सफलता प्राप्त की।

संस्थान के नेतृत्व और ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल का प्रयास

रतलाम और आसपास के क्षेत्रों में छोटे शहरों की प्रतिभाओं को बड़े कॉर्पोरेट जगत से जोड़ने का यह अवसर संस्थान के प्रबंधन और ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट (T&P) सेल के निरंतर प्रयासों से संभव हो पाया। संस्थान के निदेशक डॉ. लोकेंद्र विक्रम सिंह के मार्गदर्शन, डीन एकेडमिक्स प्रो. गोविंद झंवर के समन्वय तथा T&P Cell के समन्वयक प्रो. बलविंदर सिंह गुरदत्ता की सक्रिय पहल से TCS के साथ निरंतर संवाद और अन्य महाविद्यालयों के विद्यार्थियों तक जानकारी पहुँचाने का कार्य किया गया। TCS की 8-सदस्यीय टीम में एचआर प्रतिनिधि श्रीमती महिमा भदौरिया, निहाल वालेचा, आयुषी भार्गव, प्रांजल कल्याणे तथा वरिष्ठ प्रबंधक उचित पटेल, सावन कुमार शर्मा, गौरव शर्मा और धर्मवीर सिंह शामिल रहे।

प्रबंधन द्वारा सराहना और भावी प्रतिबद्धता

आयोजन की सफलता पर सह-संचालक श्री उमेश शर्मा एवं सह-संचालक श्री वरदान शर्मा ने T&P Cell तथा पूरे SYSITS परिवार को बधाई दी और विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुख अवसर उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि साबित करती है कि रोजगार के अवसर केवल महानगरों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि योग्यता के बल पर छोटे शहरों के विद्यार्थी भी प्रतिष्ठित कंपनियों में अपना करियर बना सकते हैं। संस्थान ने दोहराया कि केवल डिग्री देना ही नहीं, बल्कि 'शिक्षा से कौशल और कौशल से रोजगार' के जरिए विद्यार्थियों का सशक्त भविष्य निर्माण करना ही SYSITS का मुख्य संकल्प है। यह आधिकारिक प्रेस नोट संस्था के सह-संचालक श्री उमेश शर्मा द्वारा जारी किया गया है।

ADVERTISEMENT