पार्षद जानी बाई धाकड़ के प्रयासों से बदली तस्वीर, आंगनबाड़ी को मिले पक्के भवन, अब रिक्त शासकीय स्कूलों में संचालित होंगे आंगनबाड़ी केंद्र, किराए के भवनों से मिलेगी मुक्ति

The picture has changed thanks to the efforts of Councilor Jani Bai Dhakad, Anganwadis have received permanent buildings, and Anganwadi centers will now operate in vacant government schools

पार्षद जानी बाई धाकड़ के प्रयासों से बदली तस्वीर, आंगनबाड़ी को मिले पक्के भवन, अब रिक्त शासकीय स्कूलों में संचालित होंगे आंगनबाड़ी केंद्र, किराए के भवनों से मिलेगी मुक्ति

डेली जर्नल हिंदी डेस्क 

रतलाम/जावरा, शहर में सीएम राइज स्कूल में मर्ज होने के कारण रिक्त हुए शासकीय स्कूल भवनों का उपयोग आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन के लिए किए जाने को लेकर वार्ड क्रमांक 09 की पार्षद श्रीमती जानी बाई धाकड़ द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इस संबंध में उन्होंने स्थानीय विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह पांडेय, जिला कलेक्टर, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी तथा नगर पालिका परिषद जावरा को पत्र लिखकर इन भवनों को आंगनबाड़ी केंद्रों के वास्ते उपलब्ध कराने का पुरजोर आग्रह किया था। इन सार्थक प्रयासों के परिणामस्वरूप अब प्रशासन ने इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाते हुए इन रिक्त शासकीय भवनों को आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन हेतु स्वीकृति प्रदान कर महिला एवं बाल विकास विभाग को सौंपने का मार्ग प्रशस्त कर दिया है।

किराए के भवनों की समस्या से मिलेगी मुक्ति, बच्चों और कार्यकर्ताओं को मिलेगा बेहतर माहौल

जावरा शहर में कई आंगनबाड़ी केंद्र लंबे समय से किराए के निजी भवनों में संचालित हो रहे थे, जिसके चलते आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और वहां आने वाले छोटे बच्चों को तमाम तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब इन रिक्त शासकीय भवनों के मिलने से कार्यकर्ताओं को एक बेहतर और स्थायी कार्यस्थल प्राप्त होगा, वहीं वार्ड नंबर 9 के अंतर्गत आने वाले तीन स्कूलों के भवनों का उपयोग होने से नन्हे-मुन्ने बच्चों को भी सुविधाजनक वातावरण में उचित पोषण, शिक्षा और प्रारंभिक संस्कार मिल सकेंगे। इस जनहितकारी निर्णय को केवल भवन मिलने तक सीमित न रखते हुए इसे कार्यकर्ताओं के लिए राहत और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक बेहद महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

प्रशासन और जनप्रतिधियों का जताया आभार, निरंतर सेवा का संकल्प

इस महत्वपूर्ण जनहितकारी निर्णय के धरातल पर उतरने के बाद भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य एवं वार्ड 9 के पार्षद प्रतिनिधि दशरथ कसानिया धाकड़ ने क्षेत्र की जनता की ओर से क्षेत्रीय विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह पांडेय, जिला कलेक्टर अजय कटेसरिया, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा नगर पालिका परिषद जावरा का हृदय से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि जनहित के मुद्दों को पूरी जिम्मेदारी के साथ उठाकर उनका समाधान करवाना ही सच्ची जनसेवा है और इसी संकल्प के साथ वार्ड के विकास तथा आमजन की सुविधाओं के लिए आगे भी निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।

ADVERTISEMENT