रिंगनोद थाना अंतर्गत चौकी असावती पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 170 पेटी अवैध बीयर और दो वाहनों के साथ चार आरोपी गिरफ्तार
Major action by Asavati police: Four accused arrested with 170 cases of illegal beer and two vehicles
डेली जर्नल हिंदी डेस्क
रतलाम जिले में अवैध शराब के कारोबार और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार सख्त कदम उठा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल और एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के निर्देशन में थाना रिंगनोद अंतर्गत चौकी असावती पुलिस ने एक बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने ताल रोड पर स्थित गोशाला के पास की गई घेराबंदी के दौरान भारी मात्रा में अवैध बीयर और परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों को जब्त किया है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, 2000 लीटर से अधिक अवैध बीयर जब्त
24 अक्टूबर को प्राप्त मुखबिर की सूचना पर असावती पुलिस ने ताल रोड स्थित गोशाला के पास संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली, जिसमें माउंट 6000 कंपनी की बीयर की कुल 170 पेटियां बरामद हुईं। प्रत्येक पेटी में 500 मिलीलीटर के 24 केन के हिसाब से कुल 4,080 बीयर केन यानी करीब 2,040 लीटर अवैध बीयर जब्त की गई है। इस मामले में थाना रिंगनोद पर आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर पिकअप-बोलेरो वाहन और एक काले रंग की हुंडई वेन्यू कार समेत कुल 25 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई है।
मंदसौर और रतलाम के चार आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से चार तस्करों—सुरेश (मंदसौर), शक्तिसिंह (मंदसौर), दुर्गेश राणावत (मंदसौर) और रंजीतसिंह राठौर (रतलाम) को गिरफ्तार किया है, जिन्हें माननीय न्यायालय में पेश कर दिया गया है। पुलिस अब इन आरोपियों से रिमांड पर पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह अवैध शराब कहां से लाई जा रही थी और इस नेटवर्क में कौन-कौन अन्य लोग शामिल हैं। इस सराहनीय और सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी रिंगनोद जितेंद्र सिंह जादौन और चौकी प्रभारी असावती उपनिरीक्षक शरीफ खान सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
ADVERTISEMENT
