नगर दबोह में भाजपा की 'ट्रिपल इंजन' सरकार पूरी तरह नाकाम: कांग्रेस प्रवक्ता रश्मि सिंह का तीखा हमला

BJP's 'triple engine' government in Nagar Daboh has completely failed: Congress spokesperson Rashmi Singh launches a scathing attack

नगर दबोह में भाजपा की 'ट्रिपल इंजन' सरकार पूरी तरह नाकाम: कांग्रेस प्रवक्ता रश्मि सिंह का तीखा हमला

डेली जर्नल हिंदी डेस्क 

ग्वालियर/दबोह मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी की मीडिया प्रवक्ता रश्मि सिंह ने लहार विधानसभा क्षेत्र के दबोह नगर की बदहाली को लेकर राज्य की भारतीय जनता पार्टी सरकार, क्षेत्रीय विधायक अम्बरीष शर्मा और नगर परिषद प्रशासन को आड़े हाथों लिया है। ग्वालियर में मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में 'ट्रिपल इंजन' की भाजपा सरकार होने के बावजूद दबोह विकास के लिए तरस रहा है। भाजपा की गलत नीतियों, उदासीनता और चरम पर पहुंचे भ्रष्टाचार के कारण आज दबोह का सर्वसमाज परेशान है।

जलभराव, जर्जर भवन और जलमग्न मुक्तिधाम से जनजीवन बेहाल

रश्मि सिंह ने नगर की समस्याओं को उजागर करते हुए बताया कि वार्ड क्रमांक 2 और 6 में भारी जलभराव के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। कांग्रेस कार्यकाल में बना सामुदायिक भवन रखरखाव के अभाव में जर्जर हो चुका है। वहीं वार्ड क्रमांक 6 का मुक्तिधाम जलमग्न है और वार्ड 8 के मुक्तिधाम तक जाने के लिए पक्की सड़क तक नहीं है। करधेन तालाब से खजुरी रोड तक बनने वाला बड़ा नाला निर्माण कार्य भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। इसके अलावा मुख्य मार्ग की टूटी सड़कें, उफनती नालियां और अव्यवस्थित फल-सब्जी मंडी के कारण आए दिन दुर्घटनाएं व ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही है।

दल-बदल के बाद भी विकास ठप, बजट गायब होने का आरोप

कांग्रेस प्रवक्ता ने याद दिलाया कि वर्ष 2022 में तत्कालीन विधायक डॉ. गोविंद सिंह के नेतृत्व में नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती विमला नरेंद्र दुधारिया निर्वाचित हुई थीं, तब 7 से 10 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत व संचालित हुए थे। हालांकि, 2023 में भाजपा सरकार बनने पर जब अध्यक्ष भाजपा में शामिल हुईं, तब दबोह को 'दुल्हन की तरह सजाने' का वादा किया गया था। लेकिन करोड़ों का बजट उपलब्ध होने के बाद भी कोई काम नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर परिषद में प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, नल कनेक्शन और राशन वितरण में जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है तथा बगीचे, खेल मैदान व सौंदर्यीकरण के लिए आया फंड कहां गया, इसका कोई हिसाब नहीं है।

कांग्रेस ने रखीं 5 प्रमुख मांगें; आंदोलन की चेतावनी

  • पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. गोविंद सिंह के नेतृत्व में रश्मि सिंह ने शासन-प्रशासन के समक्ष प्रमुख मांगें रखीं:
  • दबोह में ईंधन की पर्याप्त व्यवस्था वाले 4 आधुनिक मुक्तिधाम बनाए जाएं।
  • युवाओं और बच्चों के लिए खुला बगीचा व खेल का मैदान विकसित हो।
  • ऐतिहासिक करधेन तालाब एवं पढ़री तालाब का जीर्णोद्धार व सौंदर्यीकरण किया जाए।
  • गौवंश की सुरक्षा और किसानों के हित में तत्काल प्रभाव से गौशाला का निर्माण हो।
  • सभी वार्डों में गुणवत्तापूर्ण सीसी रोड व आधुनिक सामुदायिक भवनों का निर्माण कराया जाए।

कांग्रेस प्रवक्ता ने चेतावनी दी कि यदि भाजपा सरकार और स्थानीय प्रशासन ने दबोह की जनता के हित में ये कदम नहीं उठाए, तो कांग्रेस पार्टी डॉ. गोविंद सिंह के नेतृत्व में उग्र जन-आंदोलन का रास्ता अपनाएगी।

ADVERTISEMENT