रॉयल कॉलेज में महर्षि श्री अरविंद जी की जयंती पर जिला स्तरीय व्याख्यानमाला आयोजित

District level lecture series organised at Royal College on the birth anniversary of Maharishi Sri Arvind ji

रॉयल कॉलेज में महर्षि श्री अरविंद जी की जयंती पर जिला स्तरीय व्याख्यानमाला आयोजित

डेली जर्नल हिंदी डेस्क 

रतलाम मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, जिला रतलाम के तत्वावधान में महर्षि श्री अरविंद जी की जयंती पखवाड़े के अंतर्गत रॉयल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड एडवांस्ड स्टडीज (सालाखेड़ी कैंपस, रतलाम) में एक भव्य जिला स्तरीय व्याख्यानमाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं और जनमानस को महर्षि अरविंद के स्वतंत्रता संग्राम में क्रांतिकारी योगदान, उनके जीवन दर्शन, शिक्षा संबंधी विचारों और राष्ट्र निर्माण की अवधारणा से अवगत कराना था। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती, महर्षि श्री अरविंद एवं श्री माँ के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसके पश्चात रॉयल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन श्री प्रमोद गुगालिया ने सभी अतिथियों का शॉल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ से आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री रत्‍नेश विजयवर्गीय ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए स्वागत उद्बोधन दिया।

संत-महात्माओं, अतिथियों और वक्ताओं ने दिए प्रेरणादायी संदेश

व्याख्यानमाला के मुख्य सत्र में बीकानेर राजगुरु निर्वाण पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर परम पूज्य स्वामी श्री विशोकानंद भारती जी महाराज ने युवाओं को संबोधित करते हुए भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना के माध्यम से सशक्त राष्ट्र निर्माण का आह्वान किया। वहीं अखण्ड ज्ञान आश्रम के स्वामी संत श्री देव स्वरूपानंद जी महाराज ने महर्षि अरविंद के शिक्षा दर्शन को मन, बुद्धि और आत्मा के समग्र विकास का मार्ग बताया। रतलाम विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल तथा न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रतलाम के श्री नीरज पवैया ने भी अपने विचार रखे और युवाओं को जिम्मेदार व जागरूक नागरिक बनने की प्रेरणा दी। इसके अलावा अरविंद सोसायटी की प्राध्यापक सुश्री ऋतम् उपाध्याय, पर्यावरणविद व जिला जन अभियान समिति के पूर्व उपाध्यक्ष श्री अशोक पाटीदार, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी की बीके सविता दीदी, महर्षि श्री संजय शिवशंकर दवे, महर्षि अरविंद सोसायटी के चेयरमैन श्री सतीश पंडया एवं रॉयल ग्रुप के डायरेक्टर डॉ. उबेद अफजल भी मंचासीन रहे।

शपथ, पौधरोपण और गणमान्य जनों की गरिमामयी उपस्थिति

कार्यक्रम के अंतिम चरण में उपस्थित विद्यार्थियों व नागरिकों को नशामुक्ति और स्वैच्छिकता की शपथ दिलाई गई, साथ ही "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत त्रिवेणी (पौधों) का रोपण किया गया। मंच संचालन श्री महावीरदास बैरागी ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रोफेसर श्री दिनेश राजपुरोहित द्वारा व्यक्त किया गया। इस अवसर पर जन अभियान परिषद के विकासखण्ड समन्वयक श्री मुकेश कटारिया, श्री निर्मल अमलियार, श्री शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, श्री रतनलाल चरपोटा एवं श्री विजयेश राठौड़ उपस्थित रहे। साथ ही रॉयल कॉलेज के शिक्षा विभाग के प्राचार्य डॉ. आर. के. अरोड़ा, प्रबंधन विभाग के प्राचार्य डॉ. प्रवीण मंत्री, कॉमर्स विभागाध्यक्ष डॉ. अमित शर्मा, लाइफ साइंस विभागाध्यक्ष प्रो. कपिल केरोल, कम्प्यूटर विभागाध्यक्ष प्रो. दीपिका कुमावत तथा नर्सिंग कॉलेज की उप-प्राचार्य श्री ज्योत्सना सोलंकी सहित नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि, सीएमसीएलडीपी छात्र, सामाजिक कार्यकर्ता व बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।