जावरा में प्रख्यात सूफी हज़रत मियाँ हुजू़र (र.अ.) का 61वां चार दिवसीय उर्स 19 नवंबर , याने कल से: देश के नामचीन शायर और उलेमा करेंगे शिरकत

The 61st four-day Urs of renowned Sufi Hazrat Mian Huzoor (RA) will be held in Jaora from tomorrow, November 19: Renowned poets and scholars of the country will participate

जावरा में प्रख्यात सूफी हज़रत मियाँ हुजू़र (र.अ.) का 61वां चार दिवसीय उर्स 19 नवंबर , याने कल से: देश के नामचीन शायर और उलेमा करेंगे शिरकत

डेली जर्नल हिंदी डेस्क 

जावरा, शहर में प्रख्यात सूफी संत हज़रत ख्वाजा हाफिज़ गुलाम हैदर शाह साहब अल्मारूफ (मियाँ हुजू़र रे.अ.) का 61वां चार दिवसीय उर्स मुबारक 19 नवंबर से 22 नवंबर 2026 तक दरगाह मियाँ हुजू़र (कोर्ट के सामने, लक्ष्मीबाई रोड) पर आयोजित किया जा रहा है। सज्जादा नशीन जनाब फज़ल हैदर खाँन नक़्शबंदी साहब की सरपरस्ती में होने वाले इस उर्स की शुरुआत 19 नवंबर को सुबह 8:00 बजे बच्चों के दीनी सवाल-जवाब मुकाबले से होगी, जिसके बाद ज़ोहर की नमाज के बाद विर्द-ए-दुरूद शरीफ व आयते करीमा का जिक्र तथा असर व मगरीब के दरम्यान परंपरागत तरीके से परचम कुशाई की रस्म अदा की जाएगी।

परचम कुशाई के बाद 19 नवंबर की रात 10:00 बजे अखिल भारतीय मनकवती मुशायरे का भव्य आयोजन होगा, जिसमें खूर्शीद फारूकी, जमील अंसारी (बुरहानपुरी), डॉ. फरीद नक्शबंदी (कोटा) और वसीम इफानी (निंबाहेड़ा) के अलावा रतलाम, उज्जैन, इंदौर, मंदसौर और नागदा जैसे प्रमुख शहरों के मशहूर शायर अपना कलाम पेश करेंगे। वहीं, 20 और 21 नवंबर को खतम शरीफ, चादर पेश करने और फातेहा के बाद रात में मुरादाबाद (यूपी) से पधारने वाले हज़रत अल्लामा मौलाना सईद अख़्तर, रामपुर से हज़रत अल्लामा मौलाना मुज्तबा हुसैन खान कादरी और जावरा के मुफ़्ती मुहम्मद तैय्यब मक्की कादरी व अमानुर्रहमान नक्शबंदी की विशेष तकरीरें तथा महफिल-ए-नाअत व मनकबत सजेगी।

इस चार दिवसीय उर्स का मुख्य आकर्षण मध्य प्रदेश की सरज़मीं जावरा में पहली बार हज़रत मुजद्दिद अल्फे सानी शेख अहमद फारूक़ी (सरहिंद, पंजाब) के सज्जादानशीन जनाब सैयद मोहम्मद सादिक़ रज़ा साहब का आगमन होगा, जो 21 एवं 22 नवंबर को दरगाह पर तशरीफ़ लाएंगे। उर्स के अंतिम दिन 22 नवंबर को सुबह 9:00 बजे कुल शरीफ की फातेहा, इज्तेमाई दुआ, लंगर और शजरा शरीफ का पाठ होगा तथा मियाँ हुजू़र (र.अ.) के जीवन दर्शन व शिक्षाओं पर प्रकाश डाला जाएगा। इसके अतिरिक्त, उर्स के दौरान प्रतिदिन सुबह कुरआन ख्वानी, दोपहर में आयते करीमा व दुरूद शरीफ तथा शाम को मिलाद शरीफ व चादर पेश करने का सिलसिला जारी रहेगा।

ADVERTISEMENT