मुस्लिम स्टूडेंट वेलफेयर सोसायटी ने 203 मेधावियों को सराहा: जू जित्सू में गोल्ड मेडलिस्ट 'नौशिन कादरी' बनीं मिसाल, मिला विशेष सम्मान, मंच से अतिथि बोले लक्ष्य तय कर आगे बढ़ें, मोबाइल का करें सही इस्तेमाल"
Muslim Student Welfare Society praised 203 meritorious students: Gold medalist in Ju Jitsu, Nausheen Qadri, set an example and received special honors
डेली जर्नल हिंदी डेस्क
रतलाम। मुस्लिम स्टूडेंट एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी द्वारा 'मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह-2026' का गरिमामयी आयोजन किया गया। समाजसेवी खुर्शीद अनवर की अध्यक्षता तथा शासकीय उत्कृष्ट उमावि के प्राचार्य सुभाष कुमावत, शासकीय महिला आईटीआई के प्राचार्य सुजीत चौहान, प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के प्रोफेसर डॉ. रियाज अहमद मंसूरी और समता शिक्षा निकेतन उमावि के प्राचार्य तौसिफ खान के आतिथ्य में आयोजित इस समारोह में कुल 203 मेधावी विद्यार्थियों को शील्ड, प्रमाण-पत्र व उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में 10वीं कक्षा के 101 तथा 12वीं के 98 ऐसे विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने 75% या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं। इसके अतिरिक्त नीट परीक्षा क्वालीफाई कर मेडिकल कॉलेजों में चयन हासिल करने वाली छात्रा राफिया कुरैशी, जोया कुरैशी, सिमरन अब्बासी और अर्शन खान को भी मंच से सराहा गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में सोसायटी के संयोजक इकबाल एहमद कुरैशी, अध्यक्ष इशहाक खान पठान, उपाध्यक्ष लियाकत अली खान व अब्दुल अजीज खान, सचिव मोहम्मद सलीम खान, सहसचिव अशफाक एहमद कुरैशी व शकील एहमद सिद्दीकी, कोषाध्यक्ष जुनैक अख्तर, सदस्य शहनावज खान, आदिल खान, समीर खान आदि ने अतिथियों का स्वागत किया। सोसायटी की गतिविधियो की जानकारी सचिव सलीम खान ने दी। अतिथियों का परिचय संयोजक इकबाल एहमद कुरैशी ने दिया।
जू जित्सू गोल्ड मेडलिस्ट 'नौशिन कादरी' बनीं विशेष आकर्षण, अतिथियों ने दी शुभकामनाएं
समारोह में खेल जगत में रतलाम व प्रदेश का नाम रोशन करने वाली प्रतिभावान खिलाड़ी नौशिन कादरी को विशेष रूप से सम्मानित कर उनकी हौसला-अफजाई की गई। जू जित्सू (मार्शल आर्ट) की मध्य प्रदेश राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडलिस्ट) हासिल करने और राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) जीतकर परचम लहराने पर नौशिन कादरी को अतिथियों एवं सोसायटी पदाधिकारियों द्वारा प्रतीक चिह्न भेंट किया गया। अतिथियों ने उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि नौशिन कादरी की यह सफलता क्षेत्र की बेटियों और अन्य युवाओं के लिए एक बड़ा प्रेरणा स्रोत है।
"लक्ष्य तय कर आगे बढ़ें, मोबाइल का करें सही इस्तेमाल": अतिथियों ने दिया सफलता का मंत्र
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजसेवी खुर्शीद अनवर ने कहा कि बिना तालीम के तरक्की संभव नहीं है, इसलिए समाज के सक्षम लोग गरीब बच्चों की शिक्षा का जिम्मा उठाएं। शासकीय उत्कृष्ट स्कूल के प्राचार्य सुभाष कुमावत ने विद्यार्थियों से मोबाइल का सकारात्मक उपयोग करने और ऑनलाइन संसाधनों से पढ़ाई करने की सलाह दी, साथ ही अभिभावकों से शिक्षकों पर विश्वास बनाए रखने की अपील की। प्रोफेसर डॉ. रियाज अहमद मंसूरी ने कहा कि इल्म केवल किताबों तक सीमित नहीं है, हर क्षेत्र में दक्षता हासिल करना ही सच्चा इल्म है। वहीं आईटीआई प्राचार्य सुजीत चौहान ने कड़े परिश्रम पर जोर देते हुए कहा कि सोए हुए शेर के मुंह में शिकार खुद नहीं आता, सफलता के लिए अनुशासन और निरंतर प्रयास जरूरी है।
समारोह का सफल संचालन मोहम्मद सलीम खान (बेटमा) ने किया, जबकि संस्था की गतिविधियों का ब्योरा सचिव सलीम खान ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, अभिभावक व विद्यार्थी उपस्थित रहे।
ADVERTISEMENT

