रतलाम में ईद-ए-मिलाद-उन-नबी को लेकर मुस्लिम कौम के जिम्मेदारों की अपील: डीजे पर रोक, सादगी और स्वच्छता के साथ मनाएं त्यौहार
Muslim community leaders in Ratlam appeal for Eid-e-Milad-un-Nabi: ban DJs, celebrate with simplicity and cleanliness
डेली जर्नल हिंदी डेस्क
रतलाम। पैगंबर मोहम्मद साहब के यौम-ए-पैदाइश (ईद-ए-मिलाद-उन-नबी) के मुक़द्दस मौके पर रतलाम कांग्रेस अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष एवं शहर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष 4 महमूद खान शेरानी ने रतलाम की समस्त आवाम से पुरअम्न और अनुशासित तरीके से त्यौहार मनाने की पुरज़ोर गुज़ारिश की है। उन्होंने अपने संदेश में कहा है कि हुज़ूर सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के नाम पर एक अच्छा पैगाम देते हुए डीजे पूरी तरह से बंद रखें और उनके बताए रास्तों (शरियत) पर चलें। जुलूस में शामिल होने वाले सभी अकीदतमंद सफेद कुर्ता-पायजामा, सर पर टोपी और खुशबू लगाकर आएं तथा रास्ते भर दरूद शरीफ का विर्द करते हुए 'लब्बैक या रसूलल्लाह' के नारे लगाएं। उन्होंने नाचना-गाना, शोर-शराबा करने से बिल्कुल सख्त मना किया है।
प्रशासनिक नियमों के पालन और 'स्वच्छता' की विशेष गुज़ारिश
महमूद खान शेरानी ने प्रशासनिक नियमों का पूरी सख्ती से पालन करने का आह्वान करते हुए कहा कि ऐसा कोई काम न करें जिससे कौम की साख पर कोई आंच आए। इसके साथ ही उन्होंने जुलूस मार्ग पर मंच (स्टेज) लगाने वाली रतलाम की आवाम और विभिन्न आयोजकों से खास अपील की है कि वे हर स्टेज के पास डस्टबिन (कचरा पात्र) ज़रूर रखें या कार्यक्रम समाप्त होने के बाद अपने-अपने स्टेज के आसपास सफाई सुनिश्चित करवाएं। उन्होंने कहा कि सफाई और अनुशासन का ध्यान रखकर एक ज़िम्मेदार व अच्छे इंसान होने का सबूत दें।
किसी भी परेशानी के समाधान के लिए कौम के ज़िम्मेदार रहेंगे मुस्तैद
उन्होंने रतलाम की जनता को आश्वस्त किया कि जुलूस के दौरान यदि किसी भी नागरिक को कोई परेशानी या असुविधा आती है, तो कौम के वरिष्ठ और ज़िम्मेदार लोग मदद के लिए मौजूद रहेंगे। इसमें शहर काज़ी साहब, यास्मीन शेरानी, इब्राहिम शेरानी, इमरान खोकर, हाजी इमरान ताज, फिरोज़ मेव, हनीफ मंसूरी, ज़ुबैर बरकाती, शाहिद अंसारी, इक़रार चौधरी, फ़ैयाज़ मंसूरी, इल्यास रहमानी, इमरान प्रोफेसर, तौसीफ निज़ामी, वसीम अली, आसिफ काज़ी साहब, शोहेल खान, सीरत कमेटी सदर नासिर कुरैशी, वाहिद शेरानी, फ़ारूक खान और असगर मच्छी सहित अन्य गणमान्य जन व्यवस्थाओं पर नज़र रखेंगे।
ADVERTISEMENT

