रतलाम में मंसूरी समाज द्वारा 'तालेबात सम्मान समारोह' आयोजित, 70% से अधिक अंक लाने वाले होनहार हुए सम्मानित

Mansuri Samaj organised 'Talebat Samman Samaroh' in Ratlam, where talented students scoring more than 70% marks were honoured

रतलाम में मंसूरी समाज द्वारा 'तालेबात सम्मान समारोह' आयोजित, 70% से अधिक अंक लाने वाले होनहार हुए सम्मानित

डेली जर्नल हिंदी डेस्क 

रतलाम, मंसूरी समाज के भारतीय मुस्लिम स्व-सहायता समूह की ओर से रविवार को महात्मा गांधी मेमोरियल स्कूल में 'तालेबात सम्मान समारोह' का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में परीक्षा वर्ष 2025 और 2026 की बोर्ड परीक्षाओं में 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले समाज के करीब 60 से 70 प्रतिभावान विद्यार्थियों को मंच पर आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अतिथियों एवं समाजजनों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

वरिष्ठ हस्तियों की साझा की संघर्ष व सफलता की कहानियां

समारोह का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं करियर के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में समाज से निकलकर विभिन्न बड़े प्रोफेशन में सफल मुकाम हासिल करने वाले वरिष्ठों ने अपनी संघर्ष और सफलता की कहानी साझा की। वरिष्ठों के अनुभवों से सीख लेकर छात्र-छात्राएं अत्यधिक प्रेरित और उत्साहित नजर आए।

निःशुल्क कोचिंग, करियर गाइडेंस व व्हॉट्सऐप कम्युनिटी की पहल

अक्सर देखा जाता है कि कक्षा 12वीं उत्तीर्ण करने के बाद विद्यार्थियों को सही करियर चुनने में उचित मार्गदर्शन नहीं मिल पाता है। इस समस्या को दूर करने के लिए संस्था द्वारा विद्यार्थियों की पढ़ाई में सहयोग के लिए समाज द्वारा निःशुल्क कोचिंग की व्यवस्था की जाएगी। विद्यार्थियों के सवालों के जवाब और निरंतर परामर्श के लिए एक व्हॉट्सऐप कम्युनिटी ग्रुप बनाया जाएगा। इस ग्रुप में समाज के वरिष्ठ अधिकारियों, अनुभवी शिक्षकों और प्रोफेशनल्स को जोड़ा जाएगा ताकि बच्चों को घर बैठे सही मार्गदर्शन मिल सके।

अतिथियों ने दी सलाह: 'मोबाइल का करें सीमित और सही इस्तेमाल'

अतिथियों ने विद्यार्थियों को मोबाइल का उपयोग केवल पढ़ाई और सही दिशा में करने की सलाह दी, क्योंकि इसका गलत इस्तेमाल समय और करियर को बर्बाद कर सकता है। साथ ही, अभिभावकों को प्रेरित किया कि भले ही एक रोटी कम खानी पड़े, पर बच्चों को बेहतरीन तालीम जरूर दिलाएं। उन्होंने जोर दिया कि शिक्षा के बिना किसी समाज या देश की तरक्की संभव नहीं है; तालीम सिर्फ किताबी ज्ञान नहीं बल्कि व्यक्ति के व्यवहार, सोच और पूरे समाज को संवारने का मुख्य माध्यम है। 

कार्यक्रम में खास तौर पर इनकी रही उपस्थिति
सम्मान समारोह में मॉडल स्कूल के प्रोफेसर मोहम्मद अनीश खान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा मंसूरी समाज के अध्यक्ष फैयाज मंसूरी तथा राष्ट्र मंसूरी समाज के जिला अध्यक्ष इरशाद मंसूरी द्वारा विद्यार्थियों को प्रतिभा सम्मान प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में भारतीय मुस्लिम स्व-सहायता समूह के अध्यक्ष शेर खान मंसूरी, अनीश भाई, अजीज भाई नामली, अय्यूब भाई साउंड वाले, पानी वाले बाबा और वहीद मंसूरी सहित समाज के कई गणमान्य नागरिक एवं अभिभावक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर रियाज़ मंसूरी ने किया और आभार अब्दुल हादी मंसूरी ने माना।

ADVERTISEMENT