रतलाम के गौरव पैलेस में दसवीं की छात्रा ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस घर में अकेली थी 16 वर्षीया खुशी

A tenth-grade student hanged herself at Gaurav Palace in Ratlam; police are investigating. Khushi, 16, was alone at home

रतलाम के गौरव पैलेस में दसवीं की छात्रा ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस  घर में अकेली थी 16 वर्षीया खुशी

डेली जर्नल हिंदी डेस्क 

रतलाम, रतलाम शहर के औद्योगिक क्षेत्र थानांतर्गत डोसी गांव के पास स्थित गौरव पैलेस कॉलोनी में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां रहने वाली 10वीं कक्षा की 16 वर्षीया छात्रा खुशी ने अज्ञात कारणों के चलते अपने ही घर में फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के समय छात्रा घर में बिल्कुल अकेली थी। उसकी मां शारदा परमार आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के रूप में सेवा देने गई थीं, जबकि पिता प्राइवेट इलेक्ट्रीशियन के काम पर बाहर गए हुए थे। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।

छोटे भाई ने देखी बहन की लाश

जानकारी के अनुसार खुशी गुरुवार को स्कूल नहीं गई थी। दोपहर के वक्त जब उसका छोटा भाई घर की ऊपरी मंजिल पर पहुंचा, तो उसने अपनी बहन को फंदे पर लटकते देखा। भाई के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर नीचे रह रहे ताऊ अशोक परमार और आसपास के पड़ोसी तुरंत मौके पर एकत्र हो गए। परिजनों और स्थानीय निवासियों ने आनन-फानन में पुलिस को इस घटना की जानकारी दी। अचानक हुई इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सुसाइड नोट नहीं मिला, कारणों की तलाश जारी

मामले की सूचना मिलते ही औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिसकी वजह से छात्रा द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम के पीछे की असली वजह का पता नहीं चल सका है। पुलिस प्रशासन अब मृतका के परिजनों, दोस्तों और पड़ोसियों से पूछताछ कर रहा है, ताकि आत्महत्या के कारणों का जल्द से जल्द खुलासा हो सके।

ADVERTISEMENT