बालरंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट विद्यालय का दबदबा, 16 विधाओं में हासिल किया प्रथम स्थान विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में विद्यार्थियों का  शानदार प्रदर्शन 

Utkrisht Vidyalaya dominates Balrang competition, secures first place in 16 disciplines, students perform brilliantly in block level competition

बालरंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट विद्यालय का दबदबा, 16 विधाओं में हासिल किया प्रथम स्थान  विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में विद्यार्थियों का  शानदार प्रदर्शन 

डेली जर्नल हिंदी डेस्क 

रतलाम के विकासखंड स्तरीय बालरंग प्रतियोगिता में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। विभिन्न विधाओं में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विद्यालय के 16 प्रतिभागियों और दलों ने पहला स्थान हासिल किया। इसके साथ ही इन सभी विजेताओं ने जिला स्तरीय बालरंग प्रतियोगिता के लिए अपना चयन पक्का कर लिया है। शासकीय सांदीपनि विनोबा विद्यालय के विद्यार्थियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कनिष्ठ वर्ग योग, एकल वादन, शास्त्रीय नृत्य और लोकगीत में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

विजेताओं सूची और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम उत्कृष्ट विद्यालय की ओर से वेद पाठ में ओम पुरोहित, स्वरचित काव्य पाठ में दुर्गेशनंदिनी, पाठ्यपुस्तक काव्य पाठ में कृष्णा कसेरा, वाद-विवाद (पक्ष) में किशन दामा व (विपक्ष) में यश खराड़ी, हिंदी निबंध में आदित्य राज, संस्कृत निबंध में आरती धाकड़, उर्दू निबंध में खुशी मंसूरी, सुलेख में उमेश डामोर, तात्कालिक भाषण में विकास वर्मा, संस्कृत भाषण में आयुष डांगी, योग में कृष्णा व्यास, उर्दू गजल में भानु प्रताप सिंह, सुगम संगीत में वैशाली शर्मा तथा लोक नृत्य में अक्षिता एवं समूह ने बाजी मारी। सांदीपनि विद्यालय से मधुरम नागर, अनंत सिंह राठौर, मिष्ठी परिहार और श्रेया एवं समूह ने पहला स्थान पाया।

प्रतिभा को अवसर देना ही बालरंग का मुख्य उद्देश्य: प्राचार्य सुभाष कुमावत

कार्यक्रम के संयोजक व उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य श्री सुभाष कुमावत ने परिणाम घोषित कर विजेताओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बालरंग प्रतियोगिता विद्यार्थियों की रचनात्मकता और आत्मविश्वास को नई दिशा देती है। यह सफलता छात्रों की मेहनत और शिक्षकों के सही मार्गदर्शन का परिणाम है। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में रीना कोठारी, सुलोचना जैन, प्राची पुरोहित, ऊषा पचौरी और रमाशंकर त्रिवेदी शामिल रहे, जबकि कार्यक्रम का संचालन अर्चना टाक ने किया।