चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने को रतलाम पुलिस अलर्ट: एसपी अमित कुमार ने रात में सड़कों पर उतरकर परखी गश्त व्यवस्था, हाईवे के ढाबों और संदिग्ध स्थानों पर की गई सघन चेकिंग
Ratlam Police alert to curb theft incidents: SP Amit Kumar took to the streets at night to check the patrolling system, intensive checking was done at highway dhabas and suspicious places
डेली जर्नल हिंदी डेस्क
रतलाम। शहर में रात्रिकालीन चोरी की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने शहर और हाईवे पर रात्रि गश्त व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के सख्त निर्देश दिए हैं। व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखने के लिए एसपी अमित कुमार स्वयं रात के समय सड़कों पर उतरे और गश्त का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश पंद्रो, नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया सहित अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ शहर व हाईवे क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया तथा हाईवे पर स्थित संदिग्ध स्थानों व ढाबों पर रुककर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की।

एक जगह रुकने के बजाय लगातार भ्रमण करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने गश्त अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी कि वे केवल निर्धारित पॉइंट्स पर खड़े रहने के बजाय अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर भ्रमणशील रहें। उन्होंने रात्रि के समय संवेदनशील इलाकों, सुनसान स्थानों, मुख्य मार्गों और हाईवे पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि गश्त में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस बल को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

चोरी के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित, तकनीकी साक्ष्यों पर जांच जारी
रतलाम पुलिस द्वारा शहर और हाईवे पर आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आपराधिक गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसके साथ ही शहर में हुई चोरी की वारदातों का शीघ्र खुलासा करने के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन भी किया गया है। गठित टीम द्वारा घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज, सक्रिय मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश व मामले की गहन जांच की जा रही है।
ADVERTISEMENT


