आशीर्वाद कॉलोनी के रहवासी सीमांकन की मांग को लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचे 5 दिन का अल्टीमेटम, सीमांकन नहीं हुआ तो खाचरोद नाका पर करेंगे धरना-प्रदर्शन

Residents of Ashirwad Colony reached the SDM office demanding demarcation A 5-day ultimatum: If demarcation is not completed, they will protest at Khachrod Naka

आशीर्वाद कॉलोनी के रहवासी सीमांकन की मांग को लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचे  5 दिन का अल्टीमेटम, सीमांकन नहीं हुआ तो खाचरोद नाका पर करेंगे धरना-प्रदर्शन

डेली जर्नल हिंदी डेस्क 

जावरा, आशीर्वाद कॉलोनी में बगीचे की भूमि के सीमांकन, बगीचे के विकास एवं नाली तथा पानी निकासी की उचित व्यवस्था की मांग को लेकर कॉलोनी के रहवासी पार्षद प्रतिनिधि दशरथ कसानिया के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचे। रहवासियों ने अधिकारियों को अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए 5 दिन में सीमांकन की कार्रवाई करने का अल्टीमेटम दिया। साथ ही चेतावनी दी कि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं होने पर खाचरोद नाका पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

अधूरे विकास कार्यों के बीच कॉलोनी हैंडओवर करने का आरोप

कॉलोनीवासियों ने बताया कि उनके अनुसार कॉलोनी के अधूरे विकास कार्यों के बावजूद कॉलोनी को हैंडओवर कर दिया गया। वर्तमान में न तो कॉलोनी के बगीचे की भूमि का सीमांकन कराया जा रहा है, न बगीचे का विकास किया जा रहा है और न ही नाली एवं पानी निकासी की उचित व्यवस्था की गई है। इसके चलते रहवासियों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

रहवासियों का कहना है कि जब भी इन समस्याओं को लेकर नगर पालिका में शिकायत एवं मांग की जाती है तो नगर पालिका द्वारा कॉलोनाइजर को पत्र जारी कर नियमों की धारा/कॉलम क्रमांक 3 एवं 4 का हवाला देते हुए आंतरिक एवं बाह्य विकास कार्य कॉलोनाइजर द्वारा किए जाने की बात कही जाती है। दूसरी ओर, रहवासियों के अनुसार कॉलोनाइजर द्वारा भी उक्त कार्य नहीं कराए जा रहे हैं। ऐसे में कॉलोनीवासी नगर पालिका और कॉलोनाइजर के बीच जिम्मेदारी के विवाद में फंसे हुए हैं।

चार वर्षों से लगातार कर रहे हैं मांग : दशरथ कसानिया

पार्षद प्रतिनिधि दशरथ कसानिया  ने कहा, “पिछले चार वर्षों से कई बार माननीय कलेक्टर महोदय, अनुविभागीय अधिकारी महोदय एवं नगर पालिका अधिकारी महोदय को पत्र देकर आशीर्वाद कॉलोनी के बगीचे के सीमांकन सहित अन्य मूलभूत समस्याओं के निराकरण की मांग की गई है, लेकिन आज दिनांक तक सीमांकन नहीं कराया गया है। आखिर सीमांकन किसके द्वारा रोका जा रहा है और वार्ड के निवासियों को उनकी मूलभूत सुविधाओं से क्यों वंचित किया जा रहा है?”

उन्होंने कहा कि यदि पांच दिन के भीतर सीमांकन की कार्रवाई नहीं होती है तो सक्षम अधिकारियों को मामले से अवगत कराया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर कॉलोनीवासियों के साथ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

पांच दिन बाद खाचरोद नाका पर धरने की चेतावनी : रिंकू जैन

कॉलोनी अध्यक्ष रिंकू जैन ने कहा, “हम सभी कॉलोनीवासी लंबे समय से बगीचे के सीमांकन, बगीचे के विकास एवं पानी निकासी की उचित व्यवस्था की मांग कर रहे हैं। यदि पांच दिन के भीतर सीमांकन नहीं कराया जाता है तो सभी कॉलोनीवासी एकजुट होकर खाचरोद नाका पर धरना-प्रदर्शन करेंगे।”

ये रहे उपस्थित

इस दौरान कॉलोनी अध्यक्ष रिंकू जैन सहित कौशल्या, उषा, सुभाष शाह, कैलाश, अमित जैन, सुमन सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENT