सत्संग और सद्गुरु की कृपा से होता है जीवन का रूपांतरण : स्वामी अवधेशानन्द गिरि जी महाराज, वहीं रतलाम की बेटी ने स्वामी जी को की पेंटिंग भेंट
Life is transformed by the grace of Satsang and Sadguru: Swami Avdheshanand Giri Ji Maharaj, while a daughter from Ratlam presented a painting to Swami Ji
डेली जर्नल हिंदी डेस्क
जोधपुर, सूर्यनगरी जोधपुर में आयोजित श्रीराम कथा के चतुंथ दिवस आचार्य महामण्डलेश्वर पूज्य स्वामी अवधेशानन्द गिरि जी महाराज ने सत्संग, सद्गुरु की महिमा, आत्मचिंतन एवं भगवान श्रीराम के दिव्य चरित्र का अत्यंत भावपूर्ण विवेचन किया। कथा में श्रीराम-सीता के प्रथम मिलन, शिवधनुष भंग तथा चारों राजकुमारों के दिव्य विवाह प्रसंगों का श्रद्धापूर्वक वर्णन किया गया।
पूज्य आचार्यश्री ने कहा कि मनुष्य जीवन अत्यंत दुर्लभ है और इसका वास्तविक उद्देश्य आत्मकल्याण एवं सद्कर्मों के माध्यम से जीवन को सार्थक बनाना है। सत्संग का फल केवल सुनने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसका प्रभाव हमारे आचरण, व्यवहार और विचारों में दिखाई देना चाहिए। उन्होंने सत्संग से निःसंगता, निःसंगता से निर्मोहता, निर्मोहता से तत्त्व में निश्चलता और अंततः जीवन्मुक्ति की प्राप्ति को साधना की क्रमिक यात्रा बताया।

गुरु के मार्गदर्शन के बिना ज्ञान, सद्गति और सद्बुद्धि की प्राप्ति कठिन है
गुरु-महिमा पर प्रकाश डालते हुए स्वामीजी ने कहा कि जो जीवन में कर्तव्यबोध कराए, उचित मार्ग दिखाए तथा हमारी दशा और दिशा को परिवर्तित करे, वही सद्गुरु है। गुरु के मार्गदर्शन के बिना ज्ञान, सद्गति और सद्बुद्धि की प्राप्ति कठिन है। गुरु ही शास्त्रों के ज्ञान के माध्यम से साधक को जीवन का वास्तविक मार्ग प्रशस्त करते हैं।
श्रीमद्वाल्मीकीय रामायण के प्रसंगों का वर्णन करते हुए आचार्यश्री ने बताया कि महर्षि विश्वामित्र के साथ भगवान श्रीराम एवं लक्ष्मण जी के मिथिलापुरी पहुंचने पर राजा जनक अत्यंत प्रसन्न हुए। इसके पश्चात सीता स्वयंवर का प्रसंग आया। राजा जनक द्वारा रखी गई शर्त के अनुसार अनेक पराक्रमी राजा भगवान शिव के दिव्य धनुष को उठा तक नहीं सके। सभा में राजा जनक की व्याकुलता देखकर महर्षि विश्वामित्र ने भगवान श्रीराम को धनुष उठाने की आज्ञा दी। गुरुदेव को मन ही मन प्रणाम कर श्रीराम ने सहजता से शिवधनुष उठाया और प्रत्यंचा चढ़ाते ही धनुष प्रचंड ध्वनि के साथ भंग हो गया। संपूर्ण सभा हर्षोल्लास से गूंज उठी तथा माता सीता ने भगवान श्रीराम के गले में वरमाला पहनाकर उनका वरण किया।
विवाह प्रसंग में आचार्यश्री ने बताया कि राजा जनक ने अयोध्या नरेश महाराज दशरथ को विवाह का शुभ संदेश भेजा। गुरु वशिष्ठ एवं राजपरिवार के साथ महाराज दशरथ मिथिलापुरी पहुंचे। गुरु विश्वामित्र एवं गुरु वशिष्ठ की सहमति से श्रीराम-सीता, लक्ष्मण-उर्मिला, भरत-माण्डवी तथा शत्रुघ्न-श्रुतिकीर्ति के विवाह निश्चित हुए। शुभ उत्तरा फाल्गुनी नक्षत्र में चारों राजकुमारों का विवाह एक ही दिन, एक ही मंडप में अत्यंत वैभव एवं मंगलमय वातावरण में संपन्न हुआ।

रतलाम की बेटी ने स्वामीजी को भेंट की पेंटिंग
रतलाम की बेटी वर्तमान में जोधपुर निवासी साधना ओझा ने अपने हाथों से तैयार की गई एक सुंदर पेंटिंग स्वामी अवधेशानंद जी को भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया, जिस दौरान स्वामी जी ने उनकी कला की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं दीं।
ADVERTISEMENT


