रतलाम में प्रशासनिक हड़कंप: नारकोटिक्स समीक्षा बैठक में अधिकारियों की क्लास, कलेक्टर बोले— 'काम कागजों पर नहीं, सड़कों पर दिखना चाहिए'
Administrative uproar in Ratlam: Officers were reprimanded at the Narcotics Review Meeting, with the Collector saying, "Work should be visible on the streets, not on paper."
डेली जर्नल हिंदी डेस्क
नारकोटिक्स रोकथाम बैठक में कलेक्टर की कड़ा रुख
रतलाम में नारकोटिक्स एवं नशीले पदार्थों की रोकथाम को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने आबकारी विभाग और ड्रग इंस्पेक्टर के कामकाज पर गहरा असंतोष जताया। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में कलेक्टर ने कहा कि दोनों विभागों की कार्रवाई जमीनी स्तर पर दिखाई नहीं दे रही है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि इस तरह की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी और विभागों को रोज प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी।
कार्रवाई पर उठाए सवाल और मांगा रिपोर्ट कार्ड
समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों से पूछा कि "क्या किसी ने इन विभागों की कार्रवाई देखी या सुनी है?"—जिस पर कोई अधिकारी जवाब नहीं दे सका। नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने ड्रग इंस्पेक्टर को अगस्त माह में की गई सभी कार्रवाइयों का विस्तृत विवरण तत्काल प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अगली बैठक में सबसे पहले इसी बात का हिसाब लिया जाएगा। साथ ही आबकारी विभाग को अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए।
तस्करी पर नकेल और नशामुक्ति जागरूकता के निर्देश
कलेक्टर कटेसरिया ने पुलिस और संबंधित एजेंसियों को नशीले पदार्थों के हॉटस्पॉट क्षेत्रों पर कड़ी निगरानी रखने और सफेमा अधिनियम जैसे सख्त कानूनों के तहत कार्रवाई करने को कहा। इसके अलावा, उन्होंने स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाने तथा आरटीओ के माध्यम से बसों में नशामुक्ति के फ्लेक्स और बैनर लगवाकर व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए ताकि नशे के खिलाफ एक प्रभावी संदेश समाज तक पहुंच सके।
ADVERTISEMENT

