कलेक्टर अजय कटेसरिया का अनूठा अंदाज: टी-शर्ट और लोअर में निजी कार खुद चलाकर पहुंचे मेडिकल कॉलेज, आम नागरिक की तरह किया औचक निरीक्षण
Collector Ajay Katesaria's unique style: He drove his own private car to the medical college in a T-shirt and lower, and conducted a surprise inspection like a common citizen
डेली जर्नल हिंदी डेस्क
रतलाम। रतलाम के नवागत कलेक्टर अजय कटेसरिया का सादगी भरा और जमीनी कार्यशैली शहरभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। पदभार संभालने के बाद से ही वे किसी भी तरह के सरकारी तामझाम से दूरी बनाकर शहर और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति को समझने में जुटे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार रात करीब 9 बजे कलेक्टर बिना किसी सुरक्षा गार्ड, बिना सरकारी वाहन और बिना किसी प्रोटोकॉल के खुद अपनी निजी कार चलाकर सीधे शासकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे। टी-शर्ट और लोअर पहने सामान्य वेशभूषा में पहुंचे कलेक्टर ने एसडीएम तरुण जैन के साथ करीब एक घंटे तक नेत्र रोग, बाल एवं शिशु रोग सहित विभिन्न वार्डों का शांतिपूर्वक भ्रमण किया। इस दौरान वे आम नागरिक की तरह घूमते रहे, लेकिन मेडिकल कॉलेज की डीन से लेकर ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों तक किसी को भी उनके आने की भनक तक नहीं लगी।
मरीजों और स्टाफ से किया सीधा संवाद
औचक निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल की वास्तविक स्थिति और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की ज़मीनी सच्चाई को बारीकी से परखा। उन्होंने स्टाफ नर्सों से भर्ती मरीजों के इलाज, उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली, जबकि बातचीत के दौरान अधिकांश स्टाफ यह पहचान ही नहीं पाया कि वे जिले के सर्वोच्च प्रशासनिक अधिकारी हैं। कलेक्टर ने मरीजों और उनके परिजनों से संवाद कर यह भी जाना कि इलाज के दौरान उन्हें क्या परेशानियां आ रही हैं और स्टाफ का व्यवहार कैसा रहता है। गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले भी कलेक्टर कटेसरिया स्वयं कार चलाकर दो बत्ती चौराहे पहुंचे थे, जहां उन्होंने चाट का लुत्फ उठाते हुए आमजन से अनौपचारिक चर्चा कर शहर की समस्याओं को समझा था। बिना किसी पूर्व सूचना के किया गया यह निरीक्षण अस्पताल की सही तस्वीर सामने लाने के उद्देश्य से किया गया था, जिसकी सराहना पूरे शहर में हो रही है।