सावधान! कलेक्टर के नाम और फोटो का उपयोग कर साइबर ठगी की कोशिश, फर्जी व्हाट्सएप नंबर जारी कलेक्टर कटेसरिया ने नागरिकों से की सतर्क रहने की अपील

Beware! Cyber ​​fraud attempt using Collector's name and photo, fake WhatsApp number released, Collector Katesaria urges citizens to be vigilant

सावधान! कलेक्टर के नाम और फोटो का उपयोग कर साइबर ठगी की कोशिश, फर्जी व्हाट्सएप नंबर जारी  कलेक्टर कटेसरिया ने नागरिकों से की सतर्क रहने की अपील

अंतरराष्ट्रीय नंबर से संदेश भेजकर पैसों की मांग किए जाने की आशंका, कलेक्टर कटेसरिया ने नागरिकों से की सतर्क रहने की अपील

डेली जर्नल हिंदी डेस्क 

रतलाम जिला कलेक्टर अजय कटेसरिया के नाम एवं उनकी प्रोफाइल फोटो का दुरुपयोग कर एक फर्जी व्हाट्सएप नंबर से संदेश भेजे जाने का गंभीर मामला सामने आया है। साइबर अपराधियों द्वारा फर्जी मोबाइल नंबर +639615402077 का उपयोग कर विभिन्न अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को व्हाट्सएप पर संदेश भेजे जा रहे हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उक्त मोबाइल नंबर कलेक्टर का अधिकृत नंबर नहीं है।

अज्ञात नंबर से पैसों की मांग या धोखाधड़ी की आशंका

मामला संज्ञान में आते ही कलेक्टर अजय कटेसरिया ने जिलेवासियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि उक्त नंबर या किसी भी अन्य अनधिकृत नंबर से उनके नाम, फोटो या पद का उपयोग कर यदि कोई संदेश प्राप्त होता है, तो उस पर बिल्कुल विश्वास न करें। साइबर अपराधियों द्वारा ऐसे फर्जी खातों के माध्यम से पैसों की मांग या अन्य तरह की वित्तीय धोखाधड़ी की जा सकती है।

किसी भी प्रकार के वित्तीय लेन-देन से बचें

कलेक्टर ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि +639615402077 नंबर से प्राप्त किसी भी कॉल, मैसेज या पैसों की मांग पर कोई प्रतिक्रिया न दें। नागरिक किसी भी बैंक खाते, यूपीआई (UPI) अथवा अन्य माध्यम से राशि का हस्तांतरण न करें।

व्यक्तिगत व बैंक संबंधी जानकारी न करें साझा

कलेक्टर श्री कटेसरिया ने बताया कि साइबर अपराधी अक्सर वरिष्ठ अधिकारियों एवं प्रतिष्ठित व्यक्तियों के नाम और तस्वीरों का अनुचित उपयोग कर लोगों को भ्रमित करते हैं। उन्होंने नागरिकों को सलाह दी है कि किसी भी अनजान नंबर से प्राप्त संदेश की सत्यता की जांच किए बिना अपनी व्यक्तिगत जानकारी, बैंक विवरण, ओटीपी (OTP), पासवर्ड या धनराशि किसी के भी साथ साझा न करें।