राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल के समर्थन में रतलाम में जोरदार प्रदर्शन, बैंककर्मियों ने उठाई 5-दिवसीय बैंकिंग और PLI स्कीम में बदलाव की मांग
Strong demonstration in Ratlam in support of nationwide bank strike, bank employees raised demand for 5-day banking and changes in PLI scheme
डेली जर्नल हिंदी डेस्क
रतलाम, यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर 11 सितंबर 2026 को देशव्यापी बैंक हड़ताल के समर्थन में रतलाम के बैंककर्मियों ने तीखा विरोध प्रदर्शन दर्ज कराया। मित्र निवास रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के बाहर सैकड़ों बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने एकजुट होकर अपनी मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी की। एक दिवसीय इस प्रदर्शन में करीब 50 बैंकों के कर्मचारियों मौजूद रहे।
5-दिवसीय बैंकिंग और भेदभावपूर्ण PLI योजना का विरोध
प्रदर्शन के दौरान बैंककर्मियों ने सप्ताह में 5-दिवसीय बैंकिंग तुरंत लागू करने की मांग प्रमुखता से रखी। इसके अलावा, सरकार की एकतरफा एवं भेदभावपूर्ण पीएलआई (PLI) योजना को वापस लेने तथा द्विपक्षीय चर्चा के माध्यम से इसमें संशोधन करने की बात कही। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि बैंककर्मियों की जायज मांगों की अनदेखी जारी रही, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने दिया समर्थन
विरोध प्रदर्शन को विजय कुमार सोनी, नरेंद्र कुमार सोलंकी, आई एल पुरोहित, जयंत नेनानी और नरेंद्र जोशी सहित कई कर्मचारी नेताओं ने संबोधित किया। इस अवसर पर यूएफबीयू के सभी घटक संगठनों, ऑल इंडिया बैंक रिटायरीज संगठन, केंद्रीय श्रमिक संगठनों और श्रम संगठनों की संयुक्त समिति के अनेक पदाधिकारी व सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।