दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की धमाकेदार जीत, प्रवक्ता रश्मि सिंह बोलीं— "डॉ. गोविंद सिंह की रणनीति और बूथ मैनेजमेंट ने दिलाई विजय
Congress wins Datia by-election with landslide victory: Spokesperson Rashmi Singh said, "Dr. Govind Singh's strategy and booth management led to victory
भाजपा की जनविरोधी नीतियों पर जनता का करारा प्रहार; मोहन यादव सरकार पर भारी पड़ी घनश्याम सिंह की ईमानदार छवि
डेली जर्नल हिंदी डेस्क
रतलाम, हाईप्रोफाइल विधानसभा सीट दतिया उपचुनाव के परिणाम घोषित हो गए हैं, जहाँ कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने दतिया की जनता के भारी समर्थन से विशाल जीत दर्ज की है। चुनावी नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस प्रवक्ता रश्मि सिंह ने भाजपा पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह जीत भाजपा की तानाशाही, जनविरोधी, संविधान विरोधी नीतियों और भ्रष्टाचार के खिलाफ जनता का करारा जवाब है। राम मंदिर चंदा चोरी, बेरोजगारी, महंगाई और निर्दोष छात्र-छात्राओं पर हुए लाठीचार्ज जैसे मुद्दों से त्रस्त जनता ने बैलेट के माध्यम से भाजपा को आईना दिखाया है। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के कुशल नेतृत्व और प्रत्याशी घनश्याम सिंह की साफ-सुथरी छवि के आगे प्रदेश की मोहन यादव सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई।
ग्वालियर-चंबल में मजबूत हुई कांग्रेस; बिहार के बांकीपुर में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की हार पर मांगा इस्तीफा
प्रवक्ता रश्मि सिंह ने दतिया में मिली इस ऐतिहासिक सफलता का मुख्य श्रेय पूर्व मंत्री एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह को दिया। उन्होंने कहा कि डॉ. गोविंद सिंह के विशेष रणनीतिक कौशल और मजबूत बूथ प्रबंधन की बदौलत कांग्रेस ने यह चुनाव जीता है। इस परिणाम से पूरे मध्यप्रदेश के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नए उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ है, जो आगामी नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों में पार्टी की जीत का मार्ग प्रशस्त करेगा।
इसके साथ ही रश्मि सिंह ने बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव का जिक्र करते हुए भाजपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि 1995 से भाजपा के कब्जे वाली सीट पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन खुद अपना बूथ तक नहीं बचा सके। विश्व की सबसे बड़ी पार्टी का दावा करने वाले राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा खाली की गई सीट हार जाना भाजपा की नीतियों की नाकामी को दर्शाता है, इसलिए उन्हें तुरंत अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। रश्मि सिंह ने दतिया की जनता का आभार व्यक्त करते हुए दोहराया कि कांग्रेस जनता के मुद्दों पर सड़क से लेकर संसद तक लगातार संघर्ष करती रहेगी।