साड़ी, सोना और सेंव' से पहचाने जाने वाले रतलाम के कपड़ा बाजार को देश में स्थापित करेंगे: सचिव रुपेश नागौरी
Ratlam's textile market, known for its 'sari, gold and sev', will be established in the country: Secretary Rupesh Nagauri
डेली जर्नल हिंदी डेस्क
दि न्यू सुपर क्लॉथ मर्चेंट एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का होटल जलसारा में भव्य नागरिक अभिनंदन
रतलाम, "रतलाम की पहचान मुख्य रूप से साड़ी, सोना और सेंव से होती है। हमारी प्राथमिकता रतलाम के साड़ी बाजार को व्यापारिक सुचिता, उत्कृष्ट गुणवत्ता और वाजिब दामों के बल पर पूरे देश में एक नई पहचान दिलाने की होगी।" यह बात 'दि न्यू सुपर क्लॉथ मर्चेंट एसोसिएशन' के नवनियुक्त सचिव रुपेश नागौरी (अल्पु सेठ) ने कही। वे होटल जलसारा में 'दादा के दीवाने' संस्था द्वारा आयोजित एसोसिएशन की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के स्वागत समारोह को संबोधित कर रहे थे।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शाल-श्रीफल से सम्मान
समारोह के दौरान दादा के दीवाने क्लब के वरिष्ठों, पूर्व विधायक पारस सकलेचा (दादा) एवं युवाम श्री संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष व उद्योगपति मुरलीधर आवतानी ने एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शाल, श्रीफल, पुष्पहार और स्मृति चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया। सम्मानित होने वालों में अध्यक्ष रवि दख, सचिव रुपेश नागौरी, उपाध्यक्ष अरुण चपरोट, कोषाध्यक्ष पवन बरमेचा, सह-सचिव सचिन कांसवा तथा कार्यकारिणी सदस्य हेमंत दख, पियूष गौरेचा एवं विपिन पोरवाल शामिल रहे।

कपड़ा व्यवसाय रतलाम की अर्थव्यवस्था की रीढ़: पारस सकलेचा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक पारस सकलेचा ने कहा कि रतलाम की जीडीपी में साड़ी और कपड़ा व्यवसाय का अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान है। रतलाम का साड़ी बाजार लगभग 300 किलोमीटर के दायरे में अपनी गुणवत्ता और सही दामों के लिए प्रसिद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी रतलाम को मध्य प्रदेश की व्यावसायिक राजधानी बनाने की दिशा में नए आयाम स्थापित करेगी।
व्यापारियों की सुरक्षा और व्यापार विस्तार प्राथमिकता: रवि दख
एसोसिएशन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष रवि दख ने अपने संबोधन में कहा कि उनकी पूरी टीम रतलाम में कपड़ा व्यवसाय के विस्तार और विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी। उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि संगठन हर परिस्थिति में उन्हें पूर्ण सुरक्षा और संरक्षण प्रदान करेगा।
शहर के गणमान्य नागरिकों व समाजसेवियों की रही उपस्थिति
समारोह में युवा नेता मयंक जाट, समाजसेवी सुभाष जैन, पर्यावरणविद खुशाल सिंह पुरोहित, पार्षद सलीम मोहम्मद बागवान, सराफा एसोसिएशन के रामबाबू शर्मा, राष्ट्रीय शायर अब्दुल सलाम खोकर, डॉ. अजय चत्तर सहित पारस दादा मित्र मंडल व शहर के कई गणमान्य नागरिक और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम का सफल संचालन धर्मेंद्र मंडवारिया ने किया तथा आभार नीलू अग्रवाल ने माना।