रॉयल कॉलेज में ‘टेक-कम-कल्चरल मीट’ का आयोजन: लॉजिक और लेक्चर के अनूठे मेल से सजा भव्य समारोह

Royal College hosts a ‘Tech-cum-Cultural Meet’: A grand event featuring a unique blend of logic and lectures

रॉयल कॉलेज में ‘टेक-कम-कल्चरल मीट’ का आयोजन: लॉजिक और लेक्चर के अनूठे मेल से सजा भव्य समारोह

डेली जर्नल हिंदी डेस्क 

रतलाम, स्थानीय रॉयल कॉलेज में बीसीए एवं बीएससी (कंप्यूटर साइंस) के विद्यार्थियों के लिए एक भव्य एवं प्रेरणादायी ‘टेक-कम-कल्चरल मीट’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अकादमिक मार्गदर्शन, तकनीकी चर्चा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का एक बेहतरीन मेल देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य डॉ. संजय वाते के मुख्य उद्बोधन से हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कंप्यूटर एवं आईटी क्षेत्र में हो रहे तीव्र और व्यापक विकास पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, "आज विश्व की जितनी बड़ी आईटी इंडस्ट्रीज और तकनीकी संस्थान हैं, उनमें ज्यादातर में भारतीय ही उच्च पदों पर आसीन हैं और अपनी बुद्धिमत्ता के बल पर विदेशों में भारत का नाम रोशन कर रहे हैं।" डॉ. वाते ने छात्र-छात्राओं को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहने की सलाह देते हुए कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी एक ऐसा गतिशील क्षेत्र है जहाँ नित-नया सीखना जरूरी है। उन्होंने स्टूडेंट्स को अपने तकनीकी ज्ञान को सेवा भावना, राष्ट्रहित और समाज के कल्याण से जोड़ने तथा नवीन अनुसंधानों (Innovations) की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया।

विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित शासकीय स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय की विभागाध्यक्ष डॉ. अनामिका सारस्वत ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में विद्यार्थियों को अपने जीवन का लक्ष्य तय करने और बड़े सपने देखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बड़े सपने और स्पष्ट दृष्टिकोण ही सफलता का मार्ग प्रशस्त करते हैं, बशर्ते विद्यार्थी उन्हें पूरा करने के लिए अपनी पूरी ऊर्जा और ईमानदारी से निरंतर प्रयत्नशील रहें। उन्होंने युवाओं में सकारात्मक सोच, संवाद कौशल और नैतिक मूल्यों को बनाए रखने पर भी विशेष बल दिया।

कार्यक्रम में अतिथि के रूप में उपस्थित प्रो. आयुषी सोनी, शासकीय पीएम श्री कॉलेज, रतलाम ने कॉलेज जीवन में अनुशासन व निरंतर परिश्रम के महत्व पर जोर देते हुए अकादमिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। आयोजन के दौरान कंप्यूटर साइंस के विद्यार्थियों की तकनीकी दक्षता और सांस्कृतिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। इस अवसर पर विभिन्न शैक्षणिक व सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया गया।

कार्यक्रम में कॉलेज की विभागाध्यक्ष प्रो. दीपिका कुमावत, समस्त प्राध्यापकगण एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित रहे। मंच का कुशल संचालन प्रो. आंचल नागल ने किया। कार्यक्रम के अंत में कॉलेज प्रशासक प्रो. दिनेश राजपुरोहित ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

ADVERTISEMENT