युवाम का 50वां वर्ष धूमधाम से मनाएगा युवाम श्री संघ: मुरलीधर आवतानी, युवाम के 50 वर्षों के स्वर्णिम इतिहास पर बनेगी फिल्म और डॉक्यूमेंट्री, जारी होगी पुस्तक
Yuvam Shree Sangha will celebrate its 50th anniversary with great pomp: Muralidhar Awatani, a film and documentary will be made on Yuvam's 50 years of golden history
युवाम के 50 वर्षों के स्वर्णिम इतिहास पर बनेगी फिल्म और डॉक्यूमेंट्री, जारी होगी पुस्तक
डेली जर्नल हिंदी डेस्क
रतलाम। "युवाम श्री संघ द्वारा संस्था की स्थापना का 50वां वर्ष अत्यंत धूमधाम और गरिमामय ढंग से मनाया जाएगा। इस अवसर पर तीन दिवसीय भव्य आयोजन किए जाएंगे। इसके साथ ही युवाम के गौरवशाली इतिहास पर शीघ्र ही एक पुस्तक का प्रकाशन किया जाएगा तथा फिल्म और डॉक्यूमेंट्री बनाने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।" यह बात युवाम श्री संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध उद्योगपति मुरलीधर आवतानी ने कही। वे युवाम परिवार द्वारा उनके जन्मदिवस पर आयोजित विशेष समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे।

रेलेवे की क्लास फोर नौकरी से उद्योगपति बनने तक का प्रेरक संघर्ष: पारस सकलेचा
समारोह में युवाम के संस्थापक संचालक पूर्व विधायक पारस सकलेचा ने मुरलीधर आवतानी के योगदान को याद करते हुए कहा कि युवाम के 50 वर्षों के इतिहास में युवाम श्री संघ की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही है। रेलवे में चतुर्थ श्रेणी की नौकरी से करियर की शुरुआत कर एक बड़े उद्योग की स्थापना करना भाई मुरली के अप्रतिम संघर्ष का प्रतीक है। युवाम में शुरुआत से ही गतिविधियों के कुशल संचालन में उन्होंने अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने आगे कहा कि युवाम से निकले युवाओं ने देश के 200 से अधिक शहरों में निःशुल्क कक्षाएं चलाकर राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य को सार्थक किया है।
होटल जलसारा में आयोजित हुआ गरिमामय जन्मदिवस अभिनंदन समारोह
युवाम श्री संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुरलीधर आवतानी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में होटल जलसारा गार्डन में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात युवाम परिवार, शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों, व्यापारियों, उद्योगपतियों और समाजशास्त्रियों द्वारा मुरलीधर आवतानी का शाल, श्रीफल एवं पुष्पहार से आत्मीय अभिनंदन किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, शहर के गणमान्य नागरिक रहे मौजूद
समारोह के दौरान मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक में पदस्थ मयंक दुबे ने सुमधुर गीत प्रस्तुत किए। मशहूर शायर अब्दुल सलाम खोकर ने अपनी काव्य रचनाओं से समां बांधा। वहीं, युवाम रतलाम संचालक धर्मेंद्र मंडवारिया एवं बैंक ऑफ बड़ौदा के कमल सोलंकी ने ओजस्वी गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। इस अवसर पर ख्याति प्राप्त पर्यावरणविद खुशालसिंह पुरोहित, समाजसेवी सुभाष जैन, नीलू अग्रवाल, पियूष बाफना, पार्षद सलीम मोहम्मद बागवान, रूपेश नागोरी, डॉ. अजय चत्तर सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।