स्वामित्व योजना में लापरवाही: रतलाम में चार ट्रेनी पटवारियों की सेवाएं समाप्त, कलेक्टर का बड़ा एक्शन
Negligence in ownership plan: Services of four trainee Patwaris terminated in Ratlam, major action by Collector
डेली जर्नल हिंदी डेस्क
रतलाम ग्रामीण तहसील में पदस्थ चार परिवीक्षाधीन (ट्रेनी) पटवारियों की सेवाएं कलेक्टर एवं नियुक्तिकर्ता प्राधिकारी अजय कटेसरिया ने तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं। यह सख्त कार्रवाई जिन पटवारियों पर हुई है, उनमें अंकित गुप्ता, शैलेन्द्र प्रताप राठौड़, सौरभ पुरोहित और यशवर्धन शर्मा शामिल हैं। कलेक्टर द्वारा यह कड़ा निर्णय परिवीक्षा अवधि के दौरान उनके कार्य निष्पादन, दिए गए दायित्वों के निर्वहन और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की निरंतर अवहेलना व असंतोषजनक प्रदर्शन के समग्र मूल्यांकन के आधार पर लिया गया है।
स्वामित्व योजना में लापरवाही पड़ी भारी
मध्य प्रदेश शासन के राजस्व विभाग द्वारा स्वामित्व योजना के तहत अधिकार अभिलेखों के निष्पादन एवं पंजीयन का समयबद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में पटवारियों को हितग्राहियों का सत्यापन, आवेदन संबंधी प्रक्रिया और रिकॉर्ड अद्यतन रखने का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया था। समीक्षा के दौरान इन चारों पटवारियों का कार्य निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप बेहद निराशाजनक पाया गया। जिसके बाद मध्य प्रदेश सिविल सेवा नियमों और नियुक्ति शर्तों के तहत उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गईं। कलेक्टर के निर्देश पर तहसीलदार रतलाम ग्रामीण को संबंधित पटवारियों से प्रभार व शासकीय अभिलेख तत्काल जब्त करने के आदेश जारी किए गए हैं।
ADVERTISEMENT
