जब देर रात खुद मैदान में उतरे कप्तान: गणेश पंडालों से लेकर चौकियों तक SP ने लिया सुरक्षा का जायजा!
When the captain himself took to the field late at night: SP took stock of security from Ganesh pandals to police posts!
डेली जर्नल हिंदी डेस्क
रतलाम। आगामी त्यौहारों के मद्देनज़र शहर में शांति, कानून व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार ने देर रात शहर का आकस्मिक निरीक्षण किया। एसपी ने देर रात शहर के संवेदनशील इलाकों, प्रमुख चौराहों और स्थापित अस्थाई पुलिस चौकियों का औचक दौरा कर सुरक्षा तैयारियों और पुलिस बल की मुस्तैदी को परखा। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को त्यौहारों के दौरान शहर में चाक-चौबंद सुरक्षा, सतर्कता और प्रभावी गश्त बनाए रखने के सख्त दिशा-निर्देश दिए।

गणेश पंडालों व गश्त का निरीक्षण; अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
अपने औचक निरीक्षण के दौरान एसपी अमित कुमार ने श्री गणेश प्रतिमा पंडालों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा वहां मौजूद वॉलेंटियर्स से चर्चा कर उनके ड्यूटी रजिस्टर, रोस्टर और समय-सारणी का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने थाना माणकचौक क्षेत्र में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान व अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ पैदल भ्रमण कर रात्रिकालीन गश्त एवं चीता मोबाइल पार्टियों की सक्रियता चेक की। एसपी ने स्पष्ट किया कि त्यौहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शहर में शांति व सद्भाव बनाए रखने के लिए पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहेगा।