वायरल वीडियो से खुली पोल: जेल सुरक्षा और पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, थाना प्रभारी सहित तीन पर गिरी गाज

Viral video exposes jail security and police operations; three people, including the station in-charge, face charges

वायरल वीडियो से खुली पोल: जेल सुरक्षा और पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, थाना प्रभारी सहित तीन पर गिरी गाज

डेली जर्नल हिंदी डेस्क 

रतलाम, सोशल मीडिया पर हाल ही में कुछ ऐसे वीडियो वायरल हुए हैं, जो पुलिस की कार्रवाई और जेल की सुरक्षा व्यवस्था को सीधी चुनौती दे रहे हैं। इन वीडियो के सामने आने के बाद जहां अपराधियों में कानून के खौफ को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर प्रशासनिक जिम्मेदारों की लापरवाही भी खुलकर उजागर हो गई है। इसी लापरवाही को लेकर अब विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।

जेल परिसर में गैंगस्टर लुक, सुरक्षा व्यवस्था तार-तार

पहला मामला चाकूबाजी के आरोप में जेल में बंद आरोपी बाबर खान का है। वायरल वीडियो में बाबर खान जेल में मुलाकात के दौरान किसी गैंगस्टर की तरह एक्शन करते हुए वीडियो बनवा रहा है। वीडियो में वह हाथों से पिस्टल का इशारा कर रहा है और अपना पैर उठाकर दिखा रहा है कि उसका पैर बिल्कुल ठीक है। इस घटना ने जेल प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया है कि आखिर कड़ी सुरक्षा के बीच अंदर मोबाइल कैसे पहुंचा? चर्चा है कि किसी आपसी साठगांठ या 'जुगाड़' के चलते इस काम को अंजाम दिया गया है।

पुलिस के सामने चोट का नाटक, सोशल मीडिया पर खुली पोल

 जब पुलिस आरोपी बाबर को घटनास्थल की तस्दीक के लिए लेकर गई थी, तब वह मामूली चोट को इस तरह दिखा रहा था जैसे उसे कोई गंभीर चोट आई हो। लेकिन जेल से आए वीडियो ने उसकी इस एक्टिंग की पोल खोल दी। ऐसा ही एक अन्य वीडियो दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र में एमसीएक्स (MCX) सट्टे के मामले में पकड़ाए आरोपियों का है, जो पुलिस के सामने पैर में गंभीर चोट और प्लास्टर चढ़ने का नाटक कर रहे थे। लेकिन इन्हीं के साथियों द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो ने इनकी असलियत दुनिया के सामने ला दी।

एएसआई और प्रधान आरक्षक लाइन अटैच 

इस पूरे प्रकरण में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में वरिष्ठ अधिकारियों ने त्वरित और सख्त कार्रवाई की है। पुलिस अभिरक्षा में लापरवाही के मामले में स्टेशन रोड थाने के सहायक उपनिरीक्षक (ASI) देवेंद्र सिंह सेंगर और दीनदयाल नगर (डीडी नगर) थाने के प्रधान आरक्षक (Head Constable) भूपेंद्र सिंह चौहान को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया गया है।

स्टेशन रोड थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह जादौन भी लाइन हाजिर 

मामले में एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए स्टेशन रोड थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह जादौन को भी वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच (लाइन हाजिर) कर दिया गया है। गौरतलब है कि थाना प्रभारी जादौन के खिलाफ पूर्व में भी कार्यप्रणाली में कई तरह की अनियमितताओं और थाने आने वाले पीड़ितों को परेशान करने के गंभीर मामले सामने आ चुके हैं। लगातार मिल रही शिकायतों और इन हालिया घटनाक्रमों के बाद पुलिस प्रशासन द्वारा की गई इस सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मच गया है।