नगर निगम की 'लूट' के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल: 6 अप्रैल को होगा निगम का जंगी घेराव
Congress protests against the Municipal Corporation's 'loot': A warlike siege of the corporation will take place on April 6
डेली जर्नल हिंदी डेस्क
रतलाम, शहर में संपत्ति कर में की गई बेतहाशा वृद्धि और लाइसेंस शुल्क के नाम पर व्यापारियों से की जा रही वसूली के विरोध में रतलाम शहर कांग्रेस कमेटी ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। आगामी 6 अप्रैल, सोमवार को सुबह 11:00 बजे कांग्रेस द्वारा नगर निगम के खिलाफ एक विशाल रैली और जंगी प्रदर्शन किया जाएगा। शहर कांग्रेस अध्यक्ष और नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शांतिलाल वर्मा ने बताया कि निगम प्रशासन द्वारा जनता पर थोपे गए भारी-भरकम करों और दुकानदारों से लाइसेंस के नाम पर की जा रही लूट के खिलाफ यह मोर्चा खोला जा रहा है। कांग्रेस का आरोप है कि नगर निगम विकास के बजाय जनता की जेब काटने का काम कर रहा है।

यह विशाल रैली शहर के शहीद चौक शहर सराय से प्रारंभ होकर नगर निगम परिसर तक पहुंचेगी, जहां निगम का घेराव कर विरोध दर्ज कराया जाएगा। इस प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए ब्लॉक 1 कांग्रेस अध्यक्ष आशा राजीव रावत और कांग्रेस पार्षद दल ने शहर की जनता, व्यापारियों और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में जुटने की अपील की है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि शहर की बुनियादी समस्याओं और आर्थिक बोझ के खिलाफ यह एक निर्णायक आंदोलन होगा। इस जंगी प्रदर्शन की सूचना के बाद से ही शहर में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है और प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट मोड पर है।