रतलाम नगर निगम में हाई वोल्टेज ड्रामा: सावरकर पर विवादित टिप्पणी से भड़की बीजेपी, कांग्रेस का वॉकआउट

High-voltage drama in Ratlam Municipal Corporation: Controversial remarks on Savarkar infuriate BJP, Congress walks out

रतलाम नगर निगम में हाई वोल्टेज ड्रामा: सावरकर पर विवादित टिप्पणी से भड़की बीजेपी, कांग्रेस का वॉकआउट

महाघोटाले' के विरोध से शुरू हुआ हंगामा पुतला दहन और चूड़ियां भेंट करने तक पहुँचा; भारी तनाव के बीच बजट पेश

डेली जर्नल हिंदी डेस्क 

रतलाम,  नगर निगम रतलाम का साधारण सम्मेलन मंगलवार को हंगामे की भेंट चढ़ गया। एक दिन पहले ही 'महाघोटाले' और 'रंगदारी टैक्स' के खिलाफ हुंकार भरने वाली कांग्रेस ने सदन के भीतर भी मोर्चा खोल दिया। लेकिन चर्चा के दौरान मामला तब हाथ से निकल गया जब कांग्रेस पार्षद मोहम्मद सलीम बागबान ने वीर सावरकर पर विवादित टिप्पणी कर दी। इसके बाद पूरे सदन में भारी बवाल मच गया, जिसके परिणामस्वरूप कांग्रेस ने वॉकआउट किया और भाजपा ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया।

सावरकर पर टिप्पणी से भड़का आक्रोश, पक्ष-विपक्ष में 'चूड़ियां' जंग

सम्मेलन की शुरुआत से ही कांग्रेस पार्षद लाइसेंस शुल्क में 30 गुना वृद्धि और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर आसंदी के सामने जमीन पर बैठ गए। बहस के दौरान पार्षद सलीम बागबान द्वारा सावरकर को लेकर दिए गए बयान पर महापौर प्रहलाद पटेल और भाजपा पार्षद आगबबूला हो गए। भाजपा ने माफी की मांग की, जिसे कांग्रेस ने ठुकरा दिया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि महिला पार्षदों के बीच तीखी नोकझोंक हुई और एक-दूसरे को 'चूड़ियां' भेंट की गईं। जब महिला कांग्रेस पार्षद महापौर को चूड़ियां देने पहुँचीं, तो महापौर ने उन्हें हाथ में लेकर फेंक दिया। माहौल को देखते हुए पुलिस बल बुलाना पड़ा और कार्यवाही को स्थगित करना पड़ा।

सड़क पर पुतला दहन और कांग्रेस का वॉकआउट

सदन के भीतर मचे घमासान के बाद महापौर के नेतृत्व में भाजपा ने सावरकर के अपमान के विरोध में कांग्रेस पार्षद का पुतला फूंका। इसके जवाब में कांग्रेस ने भी सदन के बाहर प्रदर्शन कर भाजपा का पुतला फूंक दिया। लगातार बढ़ते तनाव और गतिरोध के बीच कांग्रेस पार्षदों ने एकजुट होकर सदन से वॉकआउट कर दिया। कांग्रेस के बाहर जाने के बाद, भाजपा पार्षदों की मौजूदगी में वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत किया गया और स्वास्थ्य विभाग व लीज वृद्धि से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई।

एक दिन पहले ही कांग्रेस ने खोली थी 'घोटालों' की फाइल

गौरतलब है कि इस हंगामे की नींव सोमवार को ही पड़ गई थी, जब शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा के नेतृत्व में नगर निगम का घेराव किया गया था। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के नाम 16 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर निगम में 100 करोड़ के सीवरेज घोटाले, 5 करोड़ की बोगस नियुक्तियों और अमृत सागर की सफाई में हुई बंदरबांट की उच्च स्तरीय जांच की मांग की थी।

'रंगदारी टैक्स' के खिलाफ आर-पार की लड़ाई

कांग्रेस ने लाइसेंस शुल्क में हुई बेतहाशा वृद्धि को 'रंगदारी टैक्स' करार देते हुए चेतावनी दी है कि यह लूट छोटे ठेलागाड़ी वालों और मध्यमवर्गीय व्यापारियों को बर्बाद कर देगी। शांतिलाल वर्मा ने स्पष्ट किया कि यदि भ्रष्टाचार और अवैध वसूली पर रोक नहीं लगी, तो कांग्रेस 'ईंट से ईंट बजा देगी'। फिलहाल, सदन में हुए इस ताजा विवाद ने शहर की राजनीति में सावरकर बनाम भ्रष्टाचार की नई बहस छेड़ दी है।

रतलाम नगर निगम बजट 2026– 27: मुख्य आकर्षण

1. बजट का वित्तीय गणित

कुल अनुमानित आय: ₹543.53 करोड़ (5 अरब 43 करोड़ 53 लाख 50 हजार रुपये)।

कुल अनुमानित व्यय: ₹543.23 करोड़ (5 अरब 43 करोड़ 23 लाख 03 हजार रुपये)।

अनुमानित बचत: ₹30.47 लाख।

2. शहर विकास और बुनियादी ढांचा

अवैध कॉलोनियों का कायाकल्प:  प्रथम चरण की 46 कॉलोनियों में ₹23.01 करोड़ के विकास कार्य (16 प्रगति पर)।

द्वितीय चरण की 39 कॉलोनियों में ₹12.67 करोड़ के कार्यों की निविदा जारी।

सड़क चौड़ीकरण: मास्टर प्लान के तहत सड़कों के चौड़ीकरण का बजट 15 करोड़ से बढ़ाकर 50 करोड़ किया गया।

प्रमुख सड़क निर्माण: स्टेशन चौराहे से दो बत्ती (फ्री-गंज रोड) तक फोरलेन निर्माण कार्य प्रगति पर।

स्वागत द्वार: शहर के चारों प्रवेश द्वारों (सालाखेड़ी, डोसीगांव, सैलाना रोड, सागोद रोड) पर भव्य स्वागत द्वार बनाए जाएंगे।

3. प्रमुख निर्माण परियोजनाएं

MP-43 फूड प्लाजा: लोकेंद्र भवन रोड पर ₹3.15 करोड़ की लागत से निर्माण जारी।

नगर वन वाटिका: गंगा सागर क्षेत्र में ₹5.72 करोड़ से मनोरंजन केंद्र का निर्माण होगा।

नया फायर स्टेशन: ग्राम पलसोड़ा में ₹3.04 करोड़ की लागत से आधुनिक फायर स्टेशन प्रस्तावित।

संत निवास: त्रिवेणी मानस भवन के पास ₹1.14 करोड़ से निर्माण कार्य जारी।

4. डिजिटल और सुरक्षित रतलाम

CCTV निगरानी: शहर की सुरक्षा के लिए ₹15 करोड़ के अनुदान से डिजिटल कैमरों का जाल बिछाया जाएगा।

5. नामकरण और सामाजिक निर्णय (सर्वसम्मति से पारित)

सावित्रीबाई फुले मार्ग: फूलमंडी चौराहे से रत्नेश्वर रोड।

पन्ना धाय मार्ग: हरमाला रोड का नया नाम।

अटल बिहारी वाजपेयी मार्ग: दो बत्ती से स्टेशन रोड (फ्रीगंज रोड)।

छत्रपति शिवाजी महाराज कॉम्प्लेक्स: निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का नाम।

रघुवीर टाट वाले महाराज तिराहा: साक्षी पेट्रोल पंप तिराहे का नाम।

6. आय वृद्धि के ठोस कदम

लाइसेंस शुल्क: स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न मदों में लाइसेंस शुल्क में वृद्धि का प्रस्ताव पारित।

लीज नवीनीकरण: 30 वर्ष की लीज समाप्त होने वाले भूखंडों को अगले 30 वर्षों के लिए बढ़ाने की स्वीकृति।

वसूली अभियान: बकाया संपत्ति कर, जलकर और दुकानों के किराए की वसूली में तेजी लाई जाएगी।

सर्वे: अवैध नल कनेक्शनों को नियमित करने और संपत्ति कर के नए निर्धारण के लिए सर्वे होगा।

7. अन्य महत्वपूर्ण प्रावधान

कुएं-बावड़ी व तालाब सफाई: ₹50 लाख का संयुक्त प्रावधान।

खेलकूद व त्रिवेणी मेला: ₹45 लाख का बजट।

गौशाला निर्माण: ₹25 लाख की राशि सुरक्षित।

विशेष नोट: इस बजट पर अंतिम विचार-विमर्श और आधिकारिक स्वीकृति 10 अप्रैल (शुक्रवार) को सुबह 11:00 बजे आयोजित होने वाले साधारण सम्मेलन में दी जाएगी।