नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान: मेडिकल कॉलेज में नशामुक्त सेमिनार आयोजित, एसपी ने दिलाई छात्रों को शपथ

Disha Se Januri 2.0" Campaign: Drug-free seminar organized in Medical College, SP administered oath to the students

नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान: मेडिकल कॉलेज में नशामुक्त सेमिनार आयोजित, एसपी ने दिलाई छात्रों को शपथ

डेली जर्नल हिंदी डेस्क 

रतलाम, पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में 15 दिवसीय जनजागरूकता अभियान "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" चलाया जा रहा है। इसी के तहत रतलाम पुलिस द्वारा समाज को नशामुक्त बनाने और युवाओं को जागरूक करने के लिए लगातार कार्यक्रम किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमित कुमार के निर्देशन में आज शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय (मेडिकल कॉलेज) रतलाम में एक नशा मुक्ति जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया, जिसमें मेडिकल छात्रों और डॉक्टरों को नशे के दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी गई।

डीजीपी के संदेश से हुई शुरुआत 

कार्यक्रम का शुभारंभ मध्य प्रदेश पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाना के नशामुक्त समाज निर्माण संबंधी संदेश के वाचन के साथ हुआ। सेमिनार में मौजूद छात्र-छात्राओं और डॉक्टरों को नशा उन्मूलन में युवाओं की भूमिका और सामाजिक भागीदारी की जरूरत के बारे में बताया गया।

एसपी अमित कुमार ने किया जागरूक 

सेमिनार को संबोधित करते हुए एसपी अमित कुमार ने कहा कि नशा सिर्फ एक व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही खराब नहीं करता, बल्कि उसका पूरा परिवार, समाज और भविष्य बर्बाद कर देता है। उन्होंने मेडिकल छात्रों से कहा कि वे भविष्य के डॉक्टर होने के नाते समाज में नशा मुक्ति के प्रभावी संदेशवाहक बनें और लोगों को इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।

पौधारोपण से स्वागत और नशा मुक्ति की शपथ

इससे पहले, मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. अनीता मुथा और हॉस्पिटल सुपरिटेंडेंट डॉ. प्रदीप कुमार मिश्रा ने एसपी अमित कुमार का पौधा भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम के अंत में एसपी ने वहां मौजूद सभी मेडिकल छात्रों, शिक्षकों और स्टाफ को जीवनभर नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई। इस मौके पर एएसपी  विवेक कुमार लाल, एएसपी राकेश पंद्रो, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित थे।

नशा मुक्ति वार्ड का निरीक्षण

 सेमिनार के बाद पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार ने कॉलेज की डीन और हॉस्पिटल सुपरिटेंडेंट के साथ अस्पताल के नशा मुक्ति वार्ड (De-addiction Ward) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वार्ड में मरीजों के इलाज और काउंसलिंग (परामर्श) की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और भर्ती मरीजों को बेहतर पुनर्वास सुविधाएं देने के संबंध में चर्चा की।

जिलेभर में चल रही हैं गतिविधियां 

इस अभियान के तहत रतलाम जिले के सभी थाना क्षेत्रों में स्थानीय सीएसपी, एसडीओपी और थाना प्रभारियों के नेतृत्व में स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक जगहों पर लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसके जरिए आम नागरिकों और छात्र-छात्राओं को नशे के खिलाफ जागरूक कर सुरक्षित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। रतलाम पुलिस ने सभी नागरिकों और विशेषकर युवाओं से इस मुहिम से जुड़कर नशामुक्त समाज बनाने में सहयोग करने की अपील की है।