रतलाम में इंसानियत शर्मसार: स्कूटी के पीछे बांधकर पिल्ले को घसीटा, दो महिलाओं पर FIR दर्ज
Humanity shamed in Ratlam: Puppy tied to scooter and dragged, FIR registered against two women
डेली जर्नल हिंदी डेस्क
रतलाम, मध्यप्रदेश के रतलाम शहर से पशु क्रूरता का एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने मानवीय संवेदनाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर की पॉश कॉलोनी लालबाग क्षेत्र में दो महिलाओं ने एक बेजुबान पिल्ले को रस्सी से बांधकर चलती स्कूटी के पीछे बेरहमी से घसीटा। सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस रूह कंपा देने वाले वीडियो में साफ दिख रहा है कि पिल्ला सड़क पर तड़प रहा है, लेकिन स्कूटी सवार महिलाओं का दिल नहीं पसीजा। स्थानीय लोगों के रोकने के बावजूद महिलाएं नहीं रुकीं। इस अमानवीय कृत्य पर संज्ञान लेते हुए औद्योगिक थाना पुलिस ने दोनों आरोपी महिलाओं, दीपिका पाटीदार और पूजा पांचाल के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है।
बेजुबान की चीख और समाज की बेरुखी: पत्रकारों ने रात भर ढूंढकर बचाई पिल्ले की जान, आरोपी महिलाएं पुलिस की गिरफ्त में
6 मार्च की रात रतलाम के व्हाट्सएप ग्रुप्स में एक वीडियो ने हड़कंप मचा दिया। वीडियो में लालबाग क्षेत्र के पास दो महिलाएं स्कूटी से एक पिल्ले को घसीटते हुए ले जा रही थीं। घटना की जानकारी मिलते ही शहर के जागरूक पत्रकारों की टीम रात में ही मौके पर पहुंची और घायल पिल्ले की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद पिल्ला लहूलुहान और डरा-सहमा मिला, जिसका तुरंत उपचार कराया गया। पत्रकार विजय मीणा, अदिति मिश्रा और अमित निगम, की मुस्तैदी के कारण मामला पुलिस तक पहुंचा। आरोपियों की पहचान राजबाग कॉलोनी निवासी दीपिका पति नितेश पाटीदार और पूजा पति श्रवण पांचाल के रूप में हुई है। औद्योगिक थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी ने बताया कि आरोपियों की पहचान हो चुकी है और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है।