बलराम जन्म महोत्सव की पूर्व संध्या पर जावरा में निकली भव्य ट्रैक्टर रैली: सैकड़ों ट्रैक्टरों पर सवार होकर निकले समाजजन, कल निकलेगी 'हरियाली कलश यात्रा'
A grand tractor rally took place in Jaora on the eve of Balarama's birth anniversary: hundreds of people rode tractors, and the 'Hariyali Kalash Yatra' will take place tomorrow
डेली जर्नल हिंदी डेस्क
जावरा, श्री बलराम जन्म महोत्सव के उपलक्ष्य में श्री धाकड़ युवा संघ एवं समस्त धाकड़ समाज क्षेत्र जावरा द्वारा पूर्व संध्या पर एक विशाल व भव्य ट्रैक्टर रैली का आयोजन किया गया। भगवान श्री बलराम जी की प्रतिमा से सुसज्जित आकर्षक झांकी के साथ निकली इस रैली में समाजजनों ने बड़े उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। स्वामी जी की कुटिया से प्रारंभ हुई इस रैली में सैकड़ों की संख्या में ट्रैक्टर पंक्तिबद्ध होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुज़रे। पूरे मार्ग में भगवान बलराम के जयकारों से वातावरण धर्ममय हो गया। रैली का मुख्य उद्देश्य 2 सितंबर को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह और 'हरियाली कलश यात्रा' के लिए आमजन को आमंत्रित करना था। नगर में जगह-जगह नागरिकों द्वारा रैली पर पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया गया।
यातायात अनुशासन और एकता का दिया मिसाल, न्यू धाकड़ धर्मशाला पर हुआ समापन
ट्रैक्टर रैली की सबसे खास बात इसकी सुव्यवस्थित और अनुशासित व्यवस्था रही। यातायात को प्रभावित किए बिना सभी ट्रैक्टरों को एक निश्चित क्रम में चलाकर समाजजनों ने अनुशासन और सामाजिक एकता का सशक्त संदेश दिया। नगर भ्रमण के बाद रैली सुगनश्री स्थित न्यू धाकड़ धर्मशाला पहुंची, जहां इसका विधिवत समापन हुआ। आयोजकों ने बताया कि कृषि, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ यह आयोजन पूरे क्षेत्र में सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना का विस्तार कर रहा है।
गीता भवन से कल निकलेगी 'हरियाली कलश यात्रा', पर्यावरण संरक्षण का दिया जाएगा संदेश
महोत्सव के मुख्य दिवस पर बुधवार, 2 सितंबर को प्रातः 9:00 बजे गीता भवन से भव्य चल समारोह एवं 'हरियाली कलश यात्रा' का शुभारंभ होगा। इस बार की कलश यात्रा को विशेष रूप से पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए 'हरियाली कलश यात्रा' नाम दिया गया है, जिसके माध्यम से अधिक से अधिक पौधारोपण और वृक्षों के संरक्षण का आह्वान किया जाएगा। श्री धाकड़ युवा संघ व धाकड़ समाज ने समस्त नगरवासियों एवं क्षेत्रवासियों से इस पावन आयोजन में बड़ी संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।