रेलवे स्टाफ और आरपीएफ की तत्परता से महिला यात्री का खोया हुआ सोने का मंगलसूत्र मिला, यात्री ने जताया आभार

Due to the prompt action of the Railway Staff and RPF, a woman passenger's lost gold mangalsutra was recovered; the passenger expressed her gratitude

रेलवे स्टाफ और आरपीएफ की तत्परता से महिला यात्री का खोया हुआ सोने का मंगलसूत्र मिला, यात्री ने जताया आभार

डेली जर्नल हिंदी डेस्क 

इंदौर/रतलाम, 16 जुलाई: पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और ऑन-ड्यूटी टिकट चेकिंग स्टाफ की सतर्कता व ईमानदारी से शांति एक्सप्रेस में छूटा सोने का मंगलसूत्र सुरक्षित बरामद कर उसके मालिक को सौंप दिया गया।

रेल मदद पर दर्ज हुई थी शिकायत 

जानकारी के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को ट्रेन संख्या 19310 शांति एक्सप्रेस के कोच एस-2 (सीट संख्या 20 और 21) में देवास से रतलाम की यात्रा कर रहे दंपति श्री लक्ष्य ताम्रकार और उनकी पत्नी नूपुर ताम्रकार का सोने का मंगलसूत्र यात्रा के दौरान कहीं गिर गया था। रतलाम स्टेशन पर उतरने के बाद दंपत्ति को इसका अहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने तुरंत 'रेल मदद' पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई।

टीटीई की सूझबूझ और आरपीएफ का एक्शन 

शिकायत मिलते ही रतलाम आरपीएफ पोस्ट के सहायक उप निरीक्षक विजेंद्र सिंह तोमर ने शिकायतकर्ता से संपर्क किया और आरपीएफ कंट्रोल के जरिए ट्रेन में तैनात टीटीई गोपाल लाल मीणा को सूचित किया। उस समय कोच एस-2 की उन सीटों पर रतलाम से नए यात्री बैठ चुके थे। टीटीई गोपाल मीणा ने तत्काल उन सीटों पर जाकर जांच की। यात्रियों से पूछताछ में कुछ पता नहीं चलने पर उन्होंने खुद सीट के नीचे गहनता से तलाश की, जहां उन्हें मंगलसूत्र सुरक्षित पड़ा मिल गया। टीटीई ने इसकी सूचना तुरंत सीएमआई कंट्रोल, रतलाम को दी।

मेघनगर स्टेशन पर आरपीएफ को सौंपा, यात्री को मिला वापस 

ट्रेन के मेघनगर स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ के सहायक उप निरीक्षक सुभाष चंद्र पाल ने ट्रेन को अटेंड किया, जहां टीटीई गोपाल मीणा ने बरामद मंगलसूत्र आरपीएफ को सौंप दिया। इसके बाद आरपीएफ मेघनगर ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद 16 जुलाई 2026 को लगभग तीन लाख रुपये मूल्य का यह सोने का मंगलसूत्र लक्ष्य ताम्रकार को सुरक्षित लौटा दिया। अपना बहुमूल्य आभूषण वापस पाकर यात्री और उनके परिवार ने रेलवे स्टाफ व आरपीएफ की ईमानदारी और त्वरित कार्रवाई की जमकर सराहना की। लक्ष्य ताम्रकार ने बातचीत में बताया कि उनकी पत्नी का दो तोला मंगलसूत्र उन्होंने तकरीबन 3 साल पहले एक लाख रुपए में  खरीदा था जिसकी आज कीमत करीब तीन लाख रुपए है। 

रेलवे की यात्रियों से अपील 

रतलाम मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें। किसी भी सामान के खोने या असुविधा की स्थिति में तुरंत 'रेल मदद' ऐप, हेल्पलाइन नंबर 139 या नजदीकी आरपीएफ से संपर्क करें।

ADVERTISEMENT