कलेक्टर का कड़ा रुख: सड़क हादसों पर लगाम के लिए ब्लैक स्पॉट सुधार और हेलमेट की अनिवार्यता पर जोर
Collector takes a tough stand: Emphasis on black spot improvement and helmet mandatory to curb road accidents
डेली जर्नल हिंदी डेस्क
रतलाम, शनिवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और घायलों को तत्काल मदद पहुँचाने के लिए सख्त तेवर दिखाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों के पालन में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने जिले के सभी ब्लैक स्पॉट (दुर्घटना संभावित क्षेत्र) का संयुक्त निरीक्षण कर उनमें सुधारात्मक बदलाव करने के लिए एमपीआरडीसी और संबंधित एसडीएम को कड़े निर्देश दिए।
घायलों के लिए ₹1.5 लाख तक का कैशलेस इलाज
बैठक में प्रधानमंत्री राहत योजना के अंतर्गत कैशलेस उपचार योजना पर विशेष चर्चा की गई। इस योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को शासन के नियमानुसार डेढ़ लाख रुपए तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि आमजन को समय पर इसका लाभ मिल सके। साथ ही, मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में 'राहवीर योजना' के तहत काउंटरों पर प्रशिक्षित कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के भी आदेश दिए गए।
तेज रफ्तार और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों की अब खैर नहीं
कलेक्टर ने यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए कई कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
तेज रफ्तार वाहन चलाया तो होगा लाइसेंस निलंबन
तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों पर न केवल चालानी कार्रवाई होगी, बल्कि उनके लाइसेंस भी निलंबित किए जाएंगे।
हेलमेट किया अनिवार्य
दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य होगा; उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सड़क सुरक्षा पर दिए निर्देश
निर्माण कार्य के लिए खोदी गई सड़कों की तत्काल मरम्मत करने और सड़कों पर खड़े पुराने व लावारिस वाहनों को हटाने के निर्देश दिए गए।
गायों को भेजा जाए गौशाला
दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सड़कों पर विचरण करने वाली गायों को गौशालाओं में भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, नगर निगम कमिश्नर अनिल माना, एसडीएम आर्ची हरित सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।