रतलाम रेल मंडल की PNM बैठक संपन्न: 140 ट्रेन मैनेजरों की भर्ती और हॉस्पिटल में 12 बेड के ICU को मिली मंजूरी

Ratlam Railway Division's PNM meeting concludes: Approval granted for recruitment of 140 train managers and a 12-bed ICU in the hospital

रतलाम रेल मंडल की PNM बैठक संपन्न: 140 ट्रेन मैनेजरों की भर्ती और हॉस्पिटल में 12 बेड के ICU को मिली मंजूरी

डेली जर्नल हिंदी डेस्क 

रतलाम,  वेस्टर्न रेलवे मजदूर संघ (WRMS) की वर्ष 2026 की प्रथम पीएनएम बैठक मंडल रेल प्रबंधक (DRM) अश्विनी कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। मंडल मंत्री अभिलाष नागर और मंडल अध्यक्ष प्रताप गिरी के नेतृत्व में हुई इस बैठक में कर्मचारी हितों से जुड़े कई बड़े फैसलों पर सहमति बनी। सहायक मंडल मंत्री गौरव दुबे ने बताया कि रेलवे अगले सप्ताह 140 ट्रेन मैनेजरों और डिप्टी सीटीआई की रिक्तियों के लिए अधिसूचना जारी करेगा। इसके अलावा, रनिंग स्टाफ की सुविधा के लिए नागदा और आरआरआई टावर पर एसी लगाने तथा लोको पायलटों को उच्च गुणवत्ता वाले ड्यूटी बैग और 'हॉट एंड कोल्ड' वाटर बोतल देने का निर्णय लिया गया है।

बैठक में स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष जोर देते हुए रेलवे अस्पताल के ICU को 4 से बढ़ाकर 12 बेड करने का कार्यआदेश जारी किया गया। साथ ही, मंडल के 51 स्टेशनों पर आरओ वाटर प्यूरीफायर लगाने, पॉइंट्समैन के लिए हट (Hut) बनाने और रेलवे कॉलोनी में सोमवार से शुद्ध पेयजल आपूर्ति शुरू करने पर सहमति बनी है। बैठक से पूर्व, 38 सीटीआई के प्रमोशन आदेश जारी होने पर चेकिंग स्टाफ ने मजदूर संघ के पदाधिकारियों का भव्य स्वागत किया। इस दौरान मंडल कार्यालय को मार्च तक वातानुकूलित करने और खेल मैदान में बोरिंग कराने जैसे निर्णय भी लिए गए।

मंडल मंत्री अभिलाष नागर और प्रशासन के बीच हुई बैठक में इन प्रमुख मांगों पर मुहर लगी:

भर्ती: अगले हफ्ते निकलेंगी 140 ट्रेन मैनेजर और डिप्टी सीटीआई के पदों की भर्तियां।

स्वास्थ्य: रेलवे अस्पताल का आईसीयू अब 12 बेड का होगा, कैजुअल्टी वार्ड भी होगा एसी।

पेयजल: सोमवार से रेलवे कॉलोनी में आरओ वाटर सप्लाई शुरू; 51 स्टेशनों पर लगेंगे वाटर प्यूरीफायर।

स्टाफ सुविधा: पॉइंट्समैन को मिलेंगे विंटर जैकेट; लोको पायलटों को मिलेगी खास वाटर बोतल।

इंफ्रास्ट्रक्चर: बकानिया भौरी में बनेगा नया रनिंग रूम; मंडल कार्यालय मार्च तक होगा फुली एयरकंडीशन।

पेंशन: फैमिली पेंशन के मामलों में अब वेलफेयर इंस्पेक्टर की जवाबदेही तय होगी।

आवास: नए रेलवे आवासों की लोकेशन अब संघ के साथ बैठक कर तय की जाएगी।

ट्रांसफर: लोकल ट्रांसफर पॉलिसी का रिव्यू कर उसे फिर से लागू किया जाएगा।

इस दौरान संगठन के पदाधिकारी अतुल सिंह राठौर, सचिन मिश्रा, महेंद्र सिंह गौतम सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।