जावरा नपा की 'लीपापोती' के खिलाफ भाजपा पार्षद का मोर्चा: आनंदी हनुमान श्मशान घाट की रिटेनिंग वॉल का काम अधूरा; 4 जून से भूख हड़ताल पर बैठेंगी जानीबाई धाकड़
BJP councilor protests against Jaora Municipal Corporation's "cover-up": Work on the retaining wall at the Anandi Hanuman crematorium is incomplete; Janibai Dhakad will go on a hunger strike from June 4
डेली जर्नल हिंदी डेस्क
जावरा, नगर पालिका परिषद जावरा की कार्यशैली और निर्माण कार्यों में कथित 'लीपापोती' के विरोध में वार्ड क्रमांक 9 की भाजपा महिला पार्षद श्रीमती जानीबाई धाकड़ ने भूख हड़ताल पर बैठने की चेतावनी दी है। केंद्र सरकार की SDRF 2.0 योजना के अंतर्गत स्वीकृत आनंदी हनुमान श्मशान घाट की रिटेनिंग वॉल (सुरक्षा दीवार) का निर्माण कार्य पूरा न होने और ड्राइंग-डिजाइन के विपरीत काम किए जाने के विरोध में आंदोलन का ऐलान किया है। पार्षद ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) राजस्व जावरा को एक शिकायती पत्र सौंपकर अल्टीमेटम दिया है कि यदि जल्द ही इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो वे 4 जून याने कल गुरुवार सुबह 10 बजे से अपने वार्डवासियों के साथ उस स्थान पर अनिश्चितकालीन आंदोलन व भूख हड़ताल शुरू कर देंगी।
दो साल बाद भी काम अधूरा, नियमों के विपरीत निर्माण का आरोप
एसडीएम को सौंपे गए पत्र में पार्षद जानीबाई धाकड़ ने बताया कि श्मशान घाट पर जनहित और सुरक्षा को देखते हुए कुल 360 मीटर लंबी रिटेनिंग वॉल का निर्माण होना तय हुआ था। लेकिन नगर पालिका की लापरवाही और ठेकेदार की मनमानी के चलते दो साल का लंबा वक्त बीत जाने के बाद भी महज 210 से 220 मीटर के आसपास ही दीवार खड़ी की जा सकी है। पार्षद का गंभीर आरोप है कि जो भी निर्माण किया गया है, वह स्वीकृत ड्राइंग और डिजाइन के बिल्कुल विपरीत है। जनता और शासन के पैसों का नगर पालिका द्वारा नियम विरुद्ध कार्य करके जमकर दुरुपयोग किया जा रहा है, जिसकी उच्च स्तरीय जांच होना अति आवश्यक है।
एक-दो नहीं, पूरे 12 पत्रों के बाद भी सोता रहा नपा प्रशासन
पार्षद ने नपा प्रशासन की उदासीनता को उजागर करते हुए पत्र में संदर्भ (रेफरेंस) के तौर पर साल 2024 से लेकर अब तक भेजे गए कुल 12 शिकायती पत्रों का पूरा ब्यौरा प्रस्तुत किया है। उन्होंने बताया कि समय-समय पर गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने और ड्राइंग के अनुसार काम पूरा करने के लिए नगर पालिका को लगातार लिखित में अवगत कराया गया, लेकिन जिम्मेदारों ने आज तक इस जनसमस्या पर कोई सुनवाई नहीं की। प्रशासन के इसी ढुलमुल रवैये से तंग आकर अब वार्डवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है, जिसके चलते पार्षद ने आंदोलन की राह चुनी है।
उच्चाधिकारियों सहित संगठन को भेजी प्रतिलिपि, नपा की होगी पूरी जिम्मेदारी
पार्षद जानीबाई धाकड़ ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि नगर पालिका को निर्देशित कर नियम अनुसार कार्य को तुरंत चालू नहीं कराया जाता है, तो वे भूख हड़ताल पर बैठने के लिए विवश होंगी और इस आंदोलन से उत्पन्न होने वाली किसी भी अप्रिय स्थिति या कानून व्यवस्था की समस्त जवाबदारी नगर पालिका परिषद जावरा की होगी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इस पत्र की प्रतिलिपि भोपाल नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आयुक्त, उज्जैन संयुक्त संचालक, रतलाम जिला कलेक्टर सहित भाजपा जिला अध्यक्ष, जावरा विधायक और जावरा नगर मंडल अध्यक्ष को भी भेजी गई है, ताकि संगठन और प्रशासन स्तर पर भी नपा की इस कार्यशैली पर नकेल कसी जा सके।
ADVERTISEMENT


