पिता की डांट बनी काल! रतलाम में 15 वर्षीय किशोर ने पिता के रिक्शा में लगाई फांसी
Father's scolding proved fatal! A 15-year-old boy hanged himself in his father's rickshaw in Ratlam
डेली जर्नल हिंदी डेस्क
रतलाम, स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के नूरी नगर में एक 15 वर्षीय किशोर द्वारा आत्मघाती कदम उठाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नाबालिग महमूद ने अपने घर के पास स्थित प्लॉट पर खड़ी पिता की ऑटो रिक्शा में ही रस्सी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
बुरी सोहबत से बचाने के लिए पिता ने दी थी नसीहत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक महमूद स्कूल नहीं जाता था और अक्सर आवारा किस्म के लड़कों के साथ घूमता रहता था। उसके पिता अहमद शाह, जो पेशे से ऑटो चालक हैं, बेटे की इस बुरी सोहबत से परेशान थे। शनिवार को इसी बात को लेकर अहमद शाह ने महमूद को डांटा था और आवारा लड़कों का साथ छोड़कर घर पर रहने की नसीहत दी थी। माना जा रहा है कि पिता की इसी डांट से क्षुब्ध होकर महमूद ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
पोस्टमार्टम को लेकर हुआ हंगामा
घटना का पता चलते ही परिजन महमूद को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में जब पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने की बात कही, तो परिजन भड़क गए और पीएम कराने से साफ मना कर दिया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस अधिकारियों ने परिवार को समझाइश दी और कानूनी प्रक्रिया का हवाला देकर उन्हें राजी किया। इसके बाद रात करीब 9:30 बजे मेडिकल कॉलेज में किशोर के शव का पोस्टमार्टम हुआ। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।