नगर पालिका जावरा में भेदभाव का आरोप: महिला पार्षद ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी, वाल्मीकि बस्ती की अनदेखी से आक्रोश

Allegation of discrimination in Nagar Palika Jaora: Female councilor warned of fierce agitation, anger over neglect of Valmiki Basti

नगर पालिका जावरा में भेदभाव का आरोप: महिला पार्षद ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी, वाल्मीकि बस्ती की अनदेखी से आक्रोश


डेली जर्नल हिंदी डेस्क 

रतलाम/जावरा, नगर पालिका परिषद जावरा के वार्ड क्रमांक 09 में विकास कार्यों में कथित पक्षपात और भेदभाव को लेकर राजनीति गरमा गई है। वार्ड पार्षद जानी बाई भगवान धाकड़ ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) को एक तीखा पत्र लिखकर प्रशासन पर वाल्मीकि बस्ती की उपेक्षा करने का गंभीर आरोप लगाया है। पार्षद का कहना है कि जानबूझकर दलित बस्ती के विकास कार्यों को रोका जा रहा है।

नाली निर्माण में 'सीमा विवाद' का उलझाया पेच

पार्षद ने पत्र में उल्लेख किया है कि वार्ड 9 स्थित वाल्मीकि बस्ती में नाली निर्माण के लिए उन्होंने कई बार अनुरोध किया। प्रशासन ने पहले इस बस्ती को वार्ड क्रमांक 8 की सीमा में बताकर कार्य को उलझा दिया। बाद में वार्ड की त्रुटि सुधारने का आवेदन दिया गया, लेकिन आज तक कार्य शुरू नहीं हो सका। पार्षद का आरोप है कि एजेंसी को बार-बार नोटिस देने के बावजूद टेंडर प्रक्रिया को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है और अध्यक्ष द्वारा भी फाइल पर हस्ताक्षर नहीं किए जा रहे हैं।

अमृत योजना में भी भेदभाव: 'पाइप डाले पर नल गायब'

पत्र में 'अमृत योजना' के क्रियान्वयन पर भी सवाल उठाए गए हैं। पार्षद के अनुसार बस्ती में पानी की पाइपलाइन तो डाल दी गई है, लेकिन उसके बाद सीसी रोड का निर्माण नहीं कराया गया। शहर के अन्य हिस्सों में आधार कार्ड लेकर नल कनेक्शन दिए जा रहे हैं, लेकिन वाल्मीकि बस्ती को इस सुविधा से वंचित रखा गया है। सफाई कार्य में दिन-रात जुटे रहने वाले समाज की बस्ती के साथ इस तरह का सौतेला व्यवहार समझ से परे है।

सात दिन का अल्टीमेटम इसके बाद कलेक्टर तक पहुंचेगा मामला

पार्षद जानी बाई ने प्रशासन को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि आगामी सात दिनों के भीतर वाल्मीकि बस्ती के विकास कार्य शुरू नहीं किए गए, तो वे अपने समाज और वार्डवासियों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन और धरना प्रदर्शन करेंगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस भेदभावपूर्ण स्थिति से मानननीय जिला कलेक्टर को भी अवगत कराया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन और अध्यक्ष की होगी।