रतलाम: पीने के पानी में सीवरेज की गंदगी का मामला पहुँचा NGT, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने लिए सैंपल

Ratlam: Case of sewage contamination in drinking water reaches NGT, Pollution Control Board takes samples

रतलाम: पीने के पानी में सीवरेज की गंदगी का मामला पहुँचा NGT, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने लिए सैंपल

डेली जर्नल हिंदी डेस्क 

रतलाम, शहर के कई वार्डों में पीने के पानी की पाइपलाइन में सीवरेज का दूषित जल मिलने की शिकायत पर अब राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) ने कड़ा रुख अपनाया है। पार्षद सलीम मोहम्मद बागवान द्वारा दायर याचिका (क्रमांक 98/2024) पर कार्रवाई करते हुए, प्रदूषण नियंत्रण मंडल उज्जैन की टीम ने वार्ड नंबर 24 (कुंजड़ों का वास) में पहुँचकर घरों से पानी के सैंपल लिए।

जांच टीम की कार्रवाई

NGT के आदेशानुसार क्षेत्रीय कार्यालय, प्रदूषण नियंत्रण मंडल उज्जैन के वैज्ञानिकों की टीम ने क्षेत्र का दौरा किया। वैज्ञानिक प्रतिम खरे, एच.एस. शर्मा और सैंपलर सुधीर प्रिजे ने निम्नलिखित घरों से नगर निगम द्वारा प्रदायित जल के 

नमूने एकत्र किए:

हाफिज मोहम्मद खान (मकान नंबर 41)

मोहम्मद आसिफ (मकान नंबर 6)

समीर खान (मकान नंबर 49)

इस दौरान पार्षद सलीम मोहम्मद बागवान, नगर निगम के कार्यपालन यंत्री राहुल जाखड़ और उपयंत्री बृजेश कुशवाहा भी उपस्थित रहे।

शुरुआती 15 मिनट आता है सबसे ज्यादा दूषित पानी

सैंपलिंग के दौरान पार्षद बागवान ने अधिकारियों के सामने एक महत्वपूर्ण तकनीकी आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वर्तमान सैंपल पानी आने के आधे घंटे बाद लिए गए हैं, जबकि असली समस्या शुरुआती 10-15 मिनट की होती है।

सप्लाई शुरू होते ही सबसे पहले सीवरेज युक्त, बदबूदार और मटमैला पानी आता है, जिसके सैंपल लिया जाना अनिवार्य है। शहर में सीवरेज पाइपलाइनें, पीने के पानी की लाइनों के समानांतर या उनके ऊपर बिछाई गई हैं, जिससे रिसाव के कारण गंदगी सीधे पीने के पानी में मिल रही है।

अगला कदम

प्रदूषण नियंत्रण मंडल के अधिकारियों ने पार्षद और स्थानीय निवासियों के बयानों को पंचनामे में दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार, लिए गए सैंपलों की विस्तृत जांच उज्जैन स्थित प्रयोगशाला में की जाएगी, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्यवाही सुनिश्चित होगी।

नगर निगम कमिश्नर ने किया वार्ड 24 का दौरा

रतलाम नगर निगम कमिश्नर अनिल भाना और इंजीनियर राजेश पाटीदार ने वार्ड क्रमांक 24, कुंजड़ों का वास का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में बनने वाली नई सड़क और डाली जाने वाली पाइपलाइन के कार्यों का निरीक्षण कर जरूरी निर्देश दिए।