रतलाम में गैस आपूर्ति को लेकर कलेक्टर सख्त: रिफिल बुकिंग की अवधि बढ़ी, शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम स्थापित
Ratlam collector tightens gas supply: Refill booking period extended, control room set up for complaints
डेली जर्नल हिंदी डेस्क
रतलाम जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की किल्लत और पैनिक बुकिंग की खबरों के बीच कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्रीमती मिशा सिंह ने बुधवार को गैस वितरकों की महत्वपूर्ण बैठक ली। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिले में गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, इसलिए उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है। हालांकि, व्यवस्था बनाने के लिए रिफिल बुकिंग की अवधि को 21 दिन से बढ़ाकर अब 25 दिन कर दिया गया है। सभी वितरकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रतिदिन सुबह 11 बजे तक बुकिंग की जानकारी प्रशासन को सौंपें। साथ ही, डिलीवरी मैन द्वारा निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलने पर कड़ी कार्यवाही की चेतावनी दी गई है। वितरण में FIFO (पहले आओ-पहले पाओ) प्रणाली का पालन अनिवार्य होगा।
व्यावसायिक आपूर्ति पर प्रतिबंध और हेल्पलाइन जारी: उल्लंघन पर लगेगा एस्मा (ESMA)
प्रशासन ने व्यावसायिक गैस वितरण को लेकर भी बड़ा फैसला लिया है। अब केवल अस्पताल, जेल और शैक्षणिक संस्थानों जैसी अनिवार्य सेवाओं को ही व्यावसायिक सिलेंडर दिए जाएंगे, अन्य गतिविधियों के लिए आपूर्ति फिलहाल प्रतिबंधित रहेगी। शिकायतों के निराकरण हेतु जिला खाद्य कार्यालय में एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जो सुबह 9 से शाम 6 बजे तक कार्य करेगा। उपभोक्ता व्हाट्सएप नंबर 9691115274 या 9425991291 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। कलेक्टर ने सख्त लहजे में कहा है कि इन निर्देशों का उल्लंघन करने वाले वितरकों पर 'आवश्यक वस्तु अधिनियम' और 'एस्मा एक्ट' के तहत कठोर कानूनी कार्यवाही की जाएगी।