संगठन सृजन अभियान के तहत रतलाम पहुंचे जिला प्रभारी; बोले— सत्ता में आने पर अनुसूचित जाति समाज को मिलेगी बड़ी भागीदारी
District in-charge reached Ratlam under the organization creation campaign; said – Scheduled Caste community will get a big participation if it comes to power
डेली जर्नल हिंदी डेस्क
रतलाम, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 'संगठन सृजन' अभियान को गति देने के लिए मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार अजा विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी डॉ. सीताराम गोयल गुरुवार को रतलाम पहुंचे। उनके आगमन पर फव्वारा चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके पश्चात शहर कांग्रेस कार्यालय पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें अजा विभाग के शहर और ब्लॉक अध्यक्ष पदों के लिए दावेदारों से आवेदन लिए गए और आगामी नियुक्तियों को लेकर रायशुमारी की गई।

संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी डॉ. सीताराम गोयल ने कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस की मजबूती के लिए अनुसूचित जाति वर्ग का संगठन में महत्वपूर्ण स्थान होने जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अजा वर्ग के पूर्ण समर्थन से प्रदेश में अगली सरकार कांग्रेस की बनेगी, जिसमें इस समाज को शासन-प्रशासन में बड़ी हिस्सेदारी दी जाएगी। जिला प्रवक्ता रश्मि सिंह ने बताया कि शहर की बैठक के बाद प्रभारी ने सैलाना, जावरा और आलोट में भी कार्यकर्ताओं से संवाद किया। इस दौरान शहर अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा, वरिष्ठ नेत्री यास्मीन शेरानी सहित बड़ी संख्या में ब्लॉक अध्यक्ष और पार्षद उपस्थित रहे।