रतलाम कलेक्टर का बड़ा आदेश: निजी स्कूलों की मनमानी पर रोक, शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
Ratlam Collector issues major order: Stop arbitrariness of private schools, releases helpline number for complaints
डेली जर्नल हिंदी डेस्क
रतलाम, जिले में निजी विद्यालयों (अशासकीय स्कूलों) द्वारा पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म और अन्य शैक्षणिक सामग्री किसी विशेष दुकान से ही खरीदने के लिए अभिभावकों को बाध्य करने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मध्यप्रदेश शासन स्कूल शिक्षा विभाग के आदेशानुसार, कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने शिकायतों के त्वरित निराकरण और स्कूलों पर अंकुश लगाने के लिए जिला पंचायत कार्यालय में एक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया है।
कंट्रोल रूम में दर्ज कराएं शिकायत नया शैक्षणिक सत्र 2026-27 शुरू होते ही कई स्कूलों द्वारा विद्यार्थियों को स्टेशनरी, जूते और यूनिफॉर्म किसी खास दुकान या स्वयं स्कूल से ही क्रय करने के लिए दबाव बनाने की खबरें आ रही थीं। अब ऐसी किसी भी बाध्यता के विरुद्ध अभिभावक सीधे कंट्रोल रूम के दूरभाष क्रमांक 07412299372 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
सुबह 10 से शाम 6 बजे तक चालू रहेगी सेवा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशानुसार, यह कंट्रोल रूम प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक क्रियाशील रहेगा। यहाँ प्राप्त होने वाली शिकायतों को विधिवत पंजीबद्ध किया जाएगा, जिसके आधार पर संबंधित विद्यालयों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि शिक्षा के नाम पर अभिभावकों का आर्थिक शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सामग्री खरीदने के लिए चयन की स्वतंत्रता पूरी तरह से अभिभावकों के पास रहेगी।