"नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0": रतलाम पुलिस और नागरिकों की अनूठी पहल, वाहनों पर चस्पा किए पोस्टर और निकाली भव्य रैली, वार्ड 24 के पार्षद ने की पहल, नशे के विरुद्ध पुलिस और जनता के साथ निकाला मार्चपास्ट
Drug Distancing is Necessary 2.0 A unique initiative by Ratlam police and citizens posters pasted on vehicles and a grand rally was organized
डेली जर्नल हिंदी डेस्क
रतलाम, पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशव्यापी अभियान "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" के तहत रतलाम पुलिस समाज को नशामुक्त बनाने के लिए लगातार विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) निमिष अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमित कुमार के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन और दिलबहार चौराहा क्षेत्र में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सार्वजनिक वाहनों पर लगाए गए नशामुक्ति पोस्टर कार्यक्रम के दौरान रेलवे स्टेशन और दिलबहार चौराहा क्षेत्र में चलने वाले ऑटो-रिक्शा, मैजिक, यात्री बसों और स्कूल बसों पर नशामुक्ति से जुड़े जागरूकता पोस्टर चस्पा किए गए। अधिकारियों ने कहा कि इन वाहनों में रोजाना हजारों लोग सफर करते हैं, जिससे यह संदेश सीधे समाज के हर वर्ग तक प्रभावी ढंग से पहुंचेगा।
वाहन चालकों को दिलाई शपथ और निकाली जन-जागरूकता रैली इस अवसर पर ऑटो, बस और मैजिक चालकों के साथ-साथ यात्रियों को नशा न करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। इसके बाद दिलबहार चौराहा से एक भव्य जनजागरूकता वाहन रैली निकाली गई, जिसने शहरवासियों को नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में एएसपी विवेक कुमार लाल, एएसपी राकेश पंद्रो, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, यातायात डीएसपी आनंद स्वरूप सोनी, स्टेशन रोड थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह जादौन सहित कई पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।
वार्ड 24 में पार्षद के नेतृत्व में पुलिस और जनता का मार्च पास्ट

इसी अभियान के अंतर्गत रतलाम के वार्ड क्रमांक 24 स्थित अशोक नगर क्षेत्र में भी एक विशेष आयोजन हुआ। स्थानीय वार्ड पार्षद मोहम्मद सलीम बागवान के नेतृत्व में शनिवार शाम पुरानी फूल मंडी मुख्य मार्ग से जन-जागरूकता मार्च पास्ट निकाला गया। इसमें माणकचौक थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान अपनी पुलिस टीम के साथ शामिल हुए। कार्यक्रम में हाफिज तौसीफ साहब, इरशाद भाई, साजिद भाई अंसारी और मौलाना आसिफ भाई अंसारी सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
जिलेभर में जारी है व्यापक अभियान और पुलिस की अपील
रतलाम जिले के सभी थाना क्षेत्रों में बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर लगातार नशामुक्ति पोस्टर लगाए जा रहे हैं। रतलाम पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास अवैध मादक पदार्थों की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना देकर नशामुक्त समाज बनाने में अपना सहयोग दें।