"जनता प्यासी और तरणताल पर ताला": महिला पार्षद जानी बाई धाकड़ ने प्रशासन की कार्यप्रणाली को घेरा
The public is thirsty, and the swimming pool is locked": Councilor Jani Bai Dhakad criticized the administration's functioning
डेली जर्नल हिंदी डेस्क
जावरा, शहर के विकास और जनसमस्याओं के निराकरण को लेकर वार्ड क्रमांक 9 की पार्षद जानी बाई धाकड़ ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को तीन अलग-अलग पत्र लिखकर शहर की जल प्रदाय व्यवस्था में सुधार, जलभराव से मुक्ति और बंद पड़े तरणताल (स्विमिंग पूल) को तत्काल चालू करने की पुरजोर मांग की है।
जल विभाग में संसाधनों की कमी और कर्मचारियों की सुरक्षा का उठाया मुद्दा
पार्षद धाकड़ ने अपने पहले पत्र में मलेनी नदी बैराज के निरीक्षण के बाद जल विभाग की बदहाली पर चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि आधुनिक युग में भी संसाधनों की भारी कमी के कारण कर्मचारी जान जोखिम में डालकर काम कर रहे हैं। मांग करते हुए पत्र में कहा कि भारी मोटरों को उठाने के लिए आधुनिक 'चेन पुलिंग' की व्यवस्था की जाए। बैकअप के लिए 1-2 अतिरिक्त मोटरें रखी जाएं ताकि शहर की जल व्यवस्था बाधित न हो। मलेनी नदी से फिल्टर प्लांट तक एक नई बड़ी पाइप लाइन डाली जाए, क्योंकि पुरानी लाइन बार-बार फूट रही है।

जलभराव से मुक्ति के लिए बड़े नाले और रोड चौड़ीकरण की मांग
बरसात के मौसम को देखते हुए पार्षद ने वर्तमान योजनाओं में महत्वपूर्ण कार्यों को जोड़ने का सुझाव दिया है। उन्होंने बताया कि काशीराम कॉलोनी, दशहरा मैदान, आशीर्वाद कॉलोनी और धाकड़ धर्मशाला जैसे क्षेत्रों में बारिश में भारी जलभराव होता है। मांग की गई कि दशहरा मैदान से धाकड़ धर्मशाला तक एक बड़े नाले का निर्माण किया जाए।महिदपुर गेट से श्मशान घाट ममुसाहब दरगाह गेट तक रोड का चौड़ीकरण, सौंदर्यीकरण और डिवाइडर लगाने का कार्य नगरीय मार्ग योजना में शामिल हो।

भीषण गर्मी में बंद पड़ा स्विमिंग पूल, राजस्व का हो रहा नुकसान
तीसरे पत्र में उन्होंने जावरा वासियों के मनोरंजन और राहत के लिए बनाए गए तरणताल (स्विमिंग पूल) के अब तक चालू न होने पर रोष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि गर्मी का आधा सीजन बीत चुका है, लेकिन निविदा प्रक्रिया के नाम पर इसे लटकाया जा रहा है। मांग की गई कि निविदा प्रक्रिया पूरी होने तक निकाय अपने स्वयं के संसाधनों से तरणताल चालू करे, ताकि जनता को गर्मी से राहत मिले और विभाग को राजस्व का नुकसान न हो।
पत्र सौंपने के बाद सीएमओ ने तत्काल पार्षद प्रतिनिधि दशरथ कसानिया, कान्हा हाड़ा के साथ तरण ताल की तरफ रुख किया, निरीक्षण कर अन्य विकल्पों पर चर्चा के साथ जल्द ही चालू करने का आश्वासन दिया गया।
पार्षद जानी बाई धाकड़ के पुत्र दशरथ कसानिया ने इन पत्रों की प्रतिलिपि कलेक्टर रतलाम और क्षेत्रीय विधायक को भी भेजी है, ताकि इन जनहितैषी कार्यों पर तत्काल संज्ञान लिया जा सके।
ADVERTISEMENT

