सड़क सुरक्षा समिति ध्यान दे! खाचरौद-सनावदा सी-शेप' टर्न मार्ग पर मंडरा रहा खतरा, खाचरौद-सनावदा मार्ग पर मंडरा रहा खतरा, स्पीड ब्रेकर और स्ट्रीट लाइट की उठी जोरदार मांग, हो चुके अब तक कई हादसे
Road Safety Committee, pay attention! Danger looms on the Khachrod-Sanawada C-shaped turn, A strong demand for speed breakers and streetlights has emerged, and numerous accidents have already occurred
डेली जर्नल हिंदी डेस्क
रतलाम, आम जनता और स्कूल जाने वाले मासूम बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्थानीय निवासियों ने सड़क सुरक्षा समिति से गति अवरोधक (स्पीड ब्रेकर) बनाने की पुरजोर मांग की है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि खाचरोद रोड स्थित आयशा सिद्दीका मेमोरियल स्कूल के सामने, सनावदा-हापूखेड़ी रोड स्थित टीटी कॉलोनी और इसी मार्ग पर स्थित शाहीन एकेडमी स्कूल के बाहर तत्काल स्पीड ब्रेकर बनाए जाने का निर्णय लिया जाना चाहिए। इन संवेदनशील जगहों पर बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा के लिए गति अवरोधक का होना अति आवश्यक है।
सी-शेप' टर्न पर स्ट्रीट लाइट की कमी, हो चुके हैं कई दर्दनाक हादसे
क्षेत्रवासियों ने बताया कि खाचरौद-सनावदा मार्ग पर बने खतरनाक 'सी-शेप' (C-Shape) मोड़ पर स्ट्रीट लाइट की भारी कमी है, जिसके कारण रात के अंधेरे में वाहन चालकों को भारी परेशानी होती है। इस लापरवाही की वजह से यहाँ अब तक कई सड़क हादसे हो चुके हैं। कुछ महीनों पहले ही हापूखेड़ी रोड पर सनावदा निवासी एक युवक की बाइक फिसलने से असामयिक मृत्यु हो गई थी, और इससे पहले भी यहाँ कई लोग दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं।
बढ़ती आबादी और भारी वाहनों का दबाव, संजीवनी क्लीनिक बनने से बढ़ेगी और भीड़
मानसरोवर टीटी कॉलोनी और आसपास के रिहायशी इलाकों में करीब 60 से ज्यादा मकान बन चुके हैं और तेजी से नई कॉलोनियों का निर्माण हो रहा है। आबादी बढ़ने के साथ ही इस मार्ग पर बस, ट्रैक्टर, ट्रॉले जैसे भारी वाहनों की आवाजाही रात-दिन बनी रहती है। अब मानसरोवर टीटी कॉलोनी के बाहर 'संजीवनी क्लीनिक' भी बनकर तैयार हो चुका है, जिससे आने वाले समय में यहाँ मरीजों और आम लोगों की भीड़ और बढ़ेगी। ऐसे में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए गति अवरोधक बनाना अब अनिवार्य हो गया है।
जिम्मेदारों की अनदेखी: एक स्कूल ने खुद बनाया ब्रेकर, अन्य पॉइंट अब भी नजरअंदाज
हैरानी की बात यह है कि इसी मार्ग पर स्थित निर्मला कॉन्वेंट स्कूल ने संवेदनशीलता दिखाते हुए अपने भवन के सामने खुद गति अवरोधक (स्पीड ब्रेकर) बनवा लिए हैं। लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने अन्य अति-आवश्यक और दुर्घटना संभावित जगहों को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया है। प्रशासन की इस बेरुखी को लेकर इस क्षेत्र के निवासियों द्वारा लगातार स्पीड ब्रेकर और स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की जा रही है, ताकि भविष्य में किसी और मासूम की जान न जाए।
ADVERTISEMENT



