गणतंत्र दिवस पर रतलाम पुलिस का गौरव: एसपी अमित कुमार ने 12 जाबांज पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित, एसपी बोले पुलिस की असली ताकत उसका साहस और जनता के प्रति उसकी जवाबदेही है
Ratlam Police Honors Republic Day: SP Amit Kumar Honors 12 Brave Police Officers, Says Police's True Strength Is Their Courage and Accountability to the Public
डेली जर्नल हिंदी डेस्क
रतलाम। 77वें गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक गरिमामय सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमित कुमार ने जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने, जघन्य अपराधों का खुलासा करने और फरार अपराधियों की धरपकड़ करने वाले 12 पुलिसकर्मियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। एसपी ने जवानों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी साहस और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

स्टेशन रोड थाना टीआई कार्यवाहक निरीक्षक जितेंद्र सिंह जादौन को दो माह के भीतर रिकॉर्ड 424 अपराधों का निराकरण करने और शहर में आदर्श कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुरस्कृत किया गया। इसके साथ ही, सालाखेड़ी चौकी प्रभारी कार्यवाहक प्रधान आरक्षक मुकेश चौहान को उनके उत्कृष्ट सूचना संकलन (इंटेलिजेंस) और मेहनत के लिए एसपी ने सम्मान पत्र सौंपा।
डीडी नगर पुलिस का कमाल: हत्यारों को पकड़ा और अपराधों का किया निपटारा
दीन दयाल नगर थाने में पदस्थ आरक्षक सूर्यप्रसाद और मोहसिन खान को उनके दोहरे सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इन दोनों जवानों ने न केवल पिछले दो महीनों में 424 लंबित अपराधों के निराकरण में सहयोग किया, बल्कि अपराध क्रमांक 498/2025 के खतरनाक आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचाने में मुख्य भूमिका निभाई।
इन धाराओं के तहत की कार्रवाई:
यह मामला धारा 103(1) (हत्या), धारा 109 (हत्या का प्रयास), धारा 126(2) (गलत तरीके से रोकना), धारा 296 (अश्लील कृत्य) और धारा 3(5) BNS जैसी गंभीर धाराओं में दर्ज था, जिसमें इन आरक्षकों की सक्रियता से गिरफ्तारी संभव हुई।
माणकचौक पुलिस: हत्या की पतारसी और संपत्ति बरामदगी में सफलता
माणकचौक थाना क्षेत्र के अपराध क्रमांक 551/2025 में हत्या (धारा 103-1 BNS) और डकैती/लूट जैसे गंभीर मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए एक विशेष टीम को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में शामिल हैं:
- उप निरीक्षक प्रवीण वास्कले
- कार्यवाहक प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह राठौड़
- कार्यवाहक प्रधान आरक्षक राजेश मईडा
- आरक्षक अविनाश मिश्रा
औद्योगिक क्षेत्र और स्टेशन रोड थाना: रिकॉर्ड समय में कार्रवाई
औद्योगिक थाना क्षेत्र में हुए हत्याकांड (अपराध क्रमांक 879/25) के आरोपी को तत्परता से गिरफ्तार करने पर निरीक्षक सत्येंद्र रघुवंशी, आरक्षक रवि चंदेल और आरक्षक अर्जुन खींची को सम्मानित किया गया।
एसपी अमित कुमार का संदेश: "साहस और कर्तव्यनिष्ठा ही पुलिस की असली पहचान"
सम्मान समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस की असली ताकत उसका साहस और जनता के प्रति उसकी जवाबदेही है। एसपी ने विशेष रूप से उन जवानों की तारीफ की जिन्होंने कठिन परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बावजूद शातिर अपराधियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।