उत्कृष्ट विद्यालय रतलाम में खिलाड़ियों को शासन प्रदत्त किट का किया वितरण

Government-provided kits were distributed to the players at Utkrisht Vidyalaya, Ratlam

उत्कृष्ट विद्यालय रतलाम में खिलाड़ियों को शासन प्रदत्त किट का किया  वितरण

डेली जर्नल हिंदी डेस्क 

रतलाम, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रतलाम में मध्यप्रदेश शासन द्वारा प्रदत्त खेल किट वितरण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। उत्कृष्ट विद्यालय के विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा किट वितरित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष श्री प्रदीप उपाध्याय थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती अनीता सागर ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत से हुआ, जिसमें जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपेंद्र सिंह ठाकुर, अनुज शर्मा (भाजपा खेल प्रकोष्ठ अध्यक्ष), राजेश कोठारी, महेंद्र शुक्ला, पृथ्वीराज सिंह राठौड़, प्रहलाद बैरागी, रोहित पांचाल, अजय भूरिया सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। स्वागत उद्बोधन किट वितरण समिति के संयोजक एवं विद्यालय प्राचार्य श्री सुभाष कुमावत ने दिया।

किट केवल सामग्री नहीं, बल्कि हर खिलाड़ी के लिए प्रेरणा

मुख्य अतिथि प्रदीप उपाध्याय ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा
मध्य प्रदेश शासन द्वारा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए किट वितरण एक सराहनीय पहल है। यह किट केवल सामग्री नहीं, बल्कि हर खिलाड़ी के लिए प्रेरणा और नए संकल्प का प्रतीक है। आप सभी परिश्रम करें, अनुशासन बनाए रखें और रतलाम व प्रदेश का नाम गौरवान्वित करें।

किट निश्चित रूप से इनके कौशल को और निखारेगी


डीईओ श्रीमती सागर ने कहा विद्यालयों में खेल गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का आधार हैं। उत्कृष्ट विद्यालय के खिलाड़ी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। शासन की यह किट निश्चित रूप से इनके कौशल को और निखारेगी।
उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और खेल विभाग के समन्वित प्रयासों की प्रशंसा की।

प्राचार्य सुभाष कुमावत ने अपने उद्बोधन में कहा कि उत्कृष्ट विद्यालय के खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उपलब्धियाँ हासिल कर जिले और संभाग का गौरव बढ़ाया है। शासन द्वारा प्रदत्त यह किट खिलाड़ियों में नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार करेगी। विद्यालय भविष्य में भी उत्कृष्ट खेल वातावरण उपलब्ध कराता रहेगा।
कार्यक्रम का संचालन सह संयोजक महेंद्र सोलंकी ने किया तथा आभार प्रदर्शन जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपेंद्र सिंह ठाकुर द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, खिलाड़ीगण तथा अभिभावकगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।