मोदी सरकार की गलत नीतियों के कारण देश में आर्थिक आपातकाल: रश्मि सिंह नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देश को पहले ही किया था आगाह
The Modi government's wrong policies have led to an economic emergency in the country: Rashmi Singh. Leader of the Opposition Rahul Gandhi had already warned the country
डेली जर्नल हिंदी डेस्क
रतलाम, कांग्रेस प्रवक्ता रश्मि सिंह ने मीडिया से चर्चा करते हुए केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गलत आर्थिक नीतियों और असफल विदेश नीति के कारण आज देश भयंकर आर्थिक संकट के मुहाने पर खड़ा है। रश्मि सिंह ने याद दिलाया कि पिछले माह पांच राज्यों के चुनाव प्रचार के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देश को आगाह किया था कि जल्द ही आर्थिक संकट आने वाला है, और आज वही स्थितियां सामने हैं। उनके अनुसार, देश के आर्थिक हालात अब नियंत्रण से बाहर हो चुके हैं।
संकल्पों के पीछे छिपा है बड़ा षडयंत्र
प्रवक्ता रश्मि सिंह ने प्रधानमंत्री द्वारा जनता से की गई 8 संकल्पों की अपील (जैसे सोना-चांदी न खरीदना, हवाई यात्रा से बचना, पेट्रोल-डीजल और खाने के तेल का कम उपयोग करना) को सरकार की नाकामियों का सबूत बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन संकल्पों के पीछे एक गहरा षडयंत्र है। सरकार पेट्रोलियम पदार्थों, खाद्य तेल और सोने-चांदी की कीमतें बढ़ाना चाहती है और सरकारी व निजी क्षेत्रों में नौकरियों में कटौती की तैयारी कर रही है। जनता विरोध न करे, इसलिए युद्ध और देशभक्ति के नाम पर सहानुभूति बटोरने का प्रयास किया जा रहा है।
हिंदू रीति-रिवाजों का अपमान और बढ़ती महंगाई
रश्मि सिंह ने सोने पर आयात शुल्क 6% से बढ़ाकर 15% किए जाने पर कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज में शादियां बिना गहनों और मंगलसूत्र के संपन्न नहीं होतीं; ऐसे में गहने न खरीदने की अपील हिंदुओं का अपमान है। एक तरफ प्रधानमंत्री विदेश दौरे पर निकलने वाले हैं, वहीं दूसरी तरफ देश को महंगाई की 'सौगात' दी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता और सरकारी खजाने का दुरुपयोग कर लोकतंत्र को अपंग बनाया जा रहा है।
जनता समझ चुकी है भाजपा की नीतियां
अंत में रश्मि सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री को देश के विकास के लिए चुना गया था, लेकिन वे केवल भाजपा के विकास के लिए काम कर रहे हैं। साम, दाम, दंड, भेद की नीति अपनाकर और चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं का दुरुपयोग कर चुनाव जीते जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि देश की जनता अब भाजपा की विभाजनकारी और संविधान विरोधी नीतियों को समझ चुकी है और भविष्य में राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ही भाजपा को शिकस्त देगी।
ADVERTISEMENT


