कलेक्टर के निर्देश पर एक्शन मोड में प्रशासन, गैस एजेंसियों की जांच और नामली में अवैध रिफिलिंग पर बड़ी कार्रवाई

Administration in action mode on Collector's instructions: Investigation of gas agencies and major action on illegal refilling in Namli

कलेक्टर के निर्देश पर एक्शन मोड में प्रशासन, गैस एजेंसियों की जांच और नामली में अवैध रिफिलिंग पर बड़ी कार्रवाई

डेली जर्नल हिंदी डेस्क 

रतलाम, जिले में घरेलू गैस की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देश पर राजस्व अधिकारियों ने बुधवार को जिले भर में मोर्चा खोल दिया। जिले के बाजना, रावटी, आलोट, मंडावल और सैलाना क्षेत्रों में राजस्व अधिकारियों ने गैस एजेंसियों के वितरण केंद्रों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने गैस के उपलब्ध स्टॉक और वितरण रजिस्टर की जांच की। वितरकों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे शासन की गाइडलाइन के अनुसार ही वितरण सुनिश्चित करें और उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराएं। प्रशासन की इस सक्रियता का उद्देश्य गैस वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाना और कृत्रिम किल्लत को रोकना है।

नामली में पकड़ाया अवैध रिफिलिंग का खेल: 31 सिलेंडर और मशीन जब्त, आरोपी पर केस दर्ज

इसी कड़ी में, रतलाम ग्रामीण तहसीलदार आशीष उपाध्याय और कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी मुकेश चौहान की संयुक्त टीम ने नामली में एक बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया। टीम को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रिफिलिंग का काला धंधा चल रहा है। छापामार कार्यवाही के दौरान सर्विस सेंटर संचालक शहजाद पिता बाबू खान को घरेलू गैस सिलेंडरों को अवैध रूप से भरते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। मौके से 22 भरे हुए, 9 खाली सिलेंडर और एक रिफिलिंग मशीन जब्त की गई है। आरोपी के खिलाफ 'आवश्यक वस्तु अधिनियम' के तहत गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। प्रशासन की इस कार्यवाही से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।